सूरत : प्रेम, अपनत्व और उल्लास से सजा 'महारी बहु, महारी बेटी' का तृतीय स्नेह मिलन
सिवाना महिला (बहु) ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गेम्स और लकी ड्रॉ ने बांधा समां
सिवाना महिला (बहु) ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित "सिवाना गौरव सम्मेलन – महारी बहु, महारी बेटी" के अंतर्गत तृतीय स्नेह मिलन समारोह का आयोजन भटार रोड स्थित संस्कार भवन में हर्षोल्लास, उत्साह और आत्मीय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की बहु-बेटियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर कमलादेवी कानूंगा एवं निर्मला चौधरी ने उपस्थित सभी बहु-बेटियों और महिलाओं का हार्दिक स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे स्नेह मिलन कार्यक्रम समाज की महिलाओं के बीच प्रेम, अपनत्व, संस्कार, संगठन और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान नाटक, मनोरंजक गेम्स, लकी ड्रॉ तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उपस्थित महिलाओं और बेटियों ने भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी एवं सहज संचालन सिद्धि कानूंगा ने किया। उनकी आकर्षक मंच संचालन शैली ने आयोजन को जीवंत बनाए रखा।
आयोजन की सफलता में सिवाना महिला (बहु) ग्रुप की समस्त कार्यकारिणी और सदस्यों के समर्पण, अथक परिश्रम एवं उत्कृष्ट टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सुव्यवस्थित प्रयासों के कारण समारोह सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बन सका। कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बेटियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, जिससे पूरे आयोजन में पारिवारिक स्नेह, सामाजिक एकता और उत्सव का वातावरण देखने को मिला।
