सूरत : महेश नवमी पर सूरत माहेश्वरी समाज की मानव सेवा पहल, मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 में 1236 यूनिट रक्त संग्रहित

 दो दिवसीय अभियान में समाज के साथ सर्व समाज के रक्तदाताओं ने लिया हिस्सा, 10 ब्लड बैंकों को सौंपा गया रक्त

सूरत : महेश नवमी पर सूरत माहेश्वरी समाज की मानव सेवा पहल, मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 में 1236 यूनिट रक्त संग्रहित

सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार के संयुक्त तत्वावधान में महेश नवमी के अवसर पर आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिवसीय इस विशाल रक्तदान अभियान में कुल 1236 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आयोजन के दूसरे दिन रविवार को शहर की 6 रेजीडेंसी विस्तार में रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनमें रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 411 यूनिट रक्त दान किया। इससे पहले पहले दिन 825 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था।

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी एवं महेश पुंगलिया ने बताया कि महेश नवमी पर्व के उपलक्ष्य में सर्व समाज हित को ध्यान में रखते हुए इस मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का आयोजन किया गया था, जिसमें समाज के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक महेश खटोड़, अनिल मनियार एवं रामावतार झंवर ने बताया कि रक्तदान अभियान के तहत शुक्रवार को रिंग रोड, सहारा दरवाजा से सारोली विस्तार तक के 7 मार्केट क्षेत्रों में तथा रविवार को 6 रेजीडेंसी सोसाइटी में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में रक्तदाताओं ने मानव सेवा के उद्देश्य से रक्तदान किया।

एकत्रित रक्त सूरत के 10 ब्लड बैंकों को प्रदान किया गया। सूरत जिला माहेश्वरी सभा ने इस सेवा अभियान से सर्व समाज को जोड़ा और समाज की सभी संस्थाओं एवं जिले की 12 क्षेत्रीय सभाओं को विभिन्न रक्तदान शिविरों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज एवं सचिव अतीन बाहेती ने बताया कि सूरत में प्रतिदिन लगभग 700 यूनिट रक्त की आवश्यकता रहती है। गर्मी के मौसम में रक्तदान केंद्रों पर रक्त की कमी को देखते हुए माहेश्वरी समाज ने इस मानव सेवा कार्य की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं, संस्थाओं के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने इसे अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए अभियान को सफल बनाया।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सोसाइटी एवं मार्केट क्षेत्रों में संपर्क कर लोगों को इस रक्तदान मुहिम से जोड़ा गया। जिला सचिव अतीन बाहेती ने सभी सहयोगी संस्थाओं, कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 के सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला सभा कोषाध्यक्ष रामसहाय सोनी, उपाध्यक्ष टीकम असावा, नारायण पेडीवाल, महासभा सदस्य रंगनाथ भट्टड़, वासुदेव सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक रक्तदान केंद्रों पर उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न समाजों के अग्रणियों की उपस्थिति में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का समापन हुआ। उपस्थित नागरिकों ने रक्तदान को मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

Tags: Surat