वडोदरा : वाइब्रेंट गुजरात रीजनल समिट: वडोदरा में हरिओम स्प्रिंग इंडस्ट्रीज की सफलता की कहानी
10x10 फीट की छोटी वर्कशॉप से ग्लोबल मार्केट तक का 35 वर्षों का सफर, एयरोस्पेस और इंडस्ट्रियल सेक्टर में बना मजबूत स्थान
वडोदरा की इंजीनियरिंग कंपनी हरिओम स्प्रिंग इंडस्ट्रीज ने अपने 35 वर्षों के सफर में एक छोटी सी वर्कशॉप से निकलकर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। कंपनी आज इंडस्ट्रियल स्प्रिंग और वायर फॉर्म के क्षेत्र में एक भरोसेमंद मैन्युफैक्चरर के रूप में जानी जाती है और भारत के एयरोस्पेस, डिफेंस सहित कई महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में योगदान दे रही है।
वर्ष 1989 में जी. एन. पटेल द्वारा शुरू की गई इस कंपनी ने मात्र 10x10 फीट की छोटी जगह से अपनी शुरुआत की थी। समय के साथ कंपनी ने तकनीक, गुणवत्ता और नवाचार के दम पर अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार किया और आज भारत सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है।
हरिओम स्प्रिंग इंडस्ट्रीज कम्प्रेशन स्प्रिंग्स, टेंशन स्प्रिंग्स, टॉर्शन स्प्रिंग्स, डिस्क स्प्रिंग्स, डाई स्प्रिंग्स, वायर फॉर्म्स और कस्टमाइज्ड स्प्रिंग सॉल्यूशन्स जैसे कई उत्पादों का निर्माण करती है। कंपनी के उत्पाद एयरोस्पेस, डिफेंस, रेलवे, ऑटोमोबाइल, माइनिंग, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, मेडिकल डिवाइस, टेक्सटाइल और इंडस्ट्रियल मशीनरी जैसे क्षेत्रों में उपयोग किए जाते हैं।
कंपनी ने उच्च गुणवत्ता और प्रिसिजन इंजीनियरिंग के लिए अपनी अलग पहचान बनाई है। आधुनिक कॉइलिंग मशीन, हीट ट्रीटमेंट फर्नेस, ग्राइंडिंग सिस्टम और अत्याधुनिक टेस्टिंग उपकरणों से लैस मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं कंपनी को ग्राहकों की जरूरत के अनुसार विभिन्न आकार और मटेरियल में स्प्रिंग्स तैयार करने में सक्षम बनाती हैं।
हरिओम स्प्रिंग इंडस्ट्रीज की प्रमुख उपलब्धियों में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चंद्रयान-3 मिशन के लिए डिस्क स्प्रिंग्स की आपूर्ति शामिल है। इसके अलावा कंपनी ने BHAVINI के स्वदेशी न्यूक्लियर रिएक्टर प्रोजेक्ट और ब्रह्मोस एयरोस्पेस जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी एवं इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स के लिए भी स्प्रिंग कंपोनेंट्स उपलब्ध कराए हैं। कंपनी ने घरेलू बाजार से आगे बढ़ते हुए अमेरिका, UAE, कनाडा, केन्या, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया और यूरोप के कई हिस्सों तक अपने उत्पादों की पहुंच बनाई है।
भविष्य की योजनाओं के तहत कंपनी पूरी तरह ऑटोमेटेड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने, निर्यात बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में काम कर रही है। गुणवत्ता, नवाचार और ग्राहक संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए हरिओम स्प्रिंग इंडस्ट्रीज भारतीय और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान को और मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
