वडोदरा : पद्माला प्राइमरी स्कूल में प्रगति प्रवेश उत्सव और कन्या केलवाणी महोत्सव का आयोजन

नए विद्यार्थियों का प्रवेश, मेधावी छात्रों और दानदाताओं का सम्मान; 100 प्रतिशत नामांकन और शून्य ड्रॉप आउट का लक्ष्य

वडोदरा : पद्माला प्राइमरी स्कूल में प्रगति प्रवेश उत्सव और कन्या केलवाणी महोत्सव का आयोजन

गुजरात राज्य प्राथमिक शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के तत्वावधान में आयोजित कन्या केलवाणी प्रवेश उत्सव के तहत बुधवार को वडोदरा के पद्माला प्राइमरी स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन उत्सव के दूसरे दिन संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा गौरव गीत प्रस्तुत कर अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर गांव की आंगनवाड़ी, बालवाटिका, कक्षा-1 सहित नए विद्यार्थियों का विद्यालय में प्रवेश कराया गया। नवप्रवेशी बच्चों को किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एक्सटेंशन ऑफिसर पिनाकिनभाई पटेल उपस्थित रहे। उनके साथ एसएमसी सदस्यों और गांव के गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले गांव के दानदाताओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्कूल सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत कर एसएमसी सदस्यों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर स्कूल की हेड टीचर अदितिबेन ने बताया कि सरकार द्वारा यह कार्यक्रम पिछले 23 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करना और ड्रॉप आउट दर को शून्य तक लाना है। कार्यक्रम में नीरवभाई ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। स्कूल स्टाफ, अदितिबेन दवे, शिक्षिका श्रीमती मीनाबेन नाई एवं अन्य शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Tags: Vadodara