वडोदरा : मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा यार्ड रीमॉडलिंग कार्य में संरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश
नई व्यवस्था से परिचालन क्षमता में सुधार होगा तथा ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगी
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा परिचालन क्षमता बढ़ाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य प्रगति पर है। मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा कार्यस्थल का दौरा कर चल रहे कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने पर बल दिया तथा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्य के दौरान रेल परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
इस यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के अंतर्गत लाइन संख्या 7 को मुख्य लाइन से सीधी कनेक्टिविटी दी जा रही है। यह कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्य लाइन से प्लेटफॉर्म संख्या 6 तक ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम एवं तेज हो सकेगा। पूर्व में ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या 6 तक पहुँचने के लिए कई प्वाइंट एवं क्रॉसओवर से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे अतिरिक्त समय लगता था। नई व्यवस्था से परिचालन क्षमता में सुधार होगा तथा ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगी।
इसके अतिरिक्त, प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 की लंबाई भी बढ़ाई जा रही है, जिससे इन प्लेटफॉर्मों पर 22 कोच वाली ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 4 की लंबाई 498 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 592 मीटर किया जाएगा। इसी प्रकार प्लेटफॉर्म संख्या 5 की वर्तमान लंबाई 498 मीटर से बढ़ाकर 568 मीटर की जाएगी। यह यार्ड रीमॉडलिंग एवं प्लेटफॉर्म विस्तार कार्य वडोदरा स्टेशन की परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ करेगा तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर एवं अधिक कुशल रेल सेवाएँ प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
