2019 से अब तक 21 बार विदेश के दौरे पर जा चुकें हैं प्रधानमंत्री मोदी, सरकार ने संसद में दी जानकारी

2019 से अब तक 21 बार विदेश के दौरे पर जा चुकें हैं प्रधानमंत्री मोदी, सरकार ने संसद में दी जानकारी

विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी जानकारी, राष्ट्रपति के यात्राओं के बारे में भी दी जानकारी

आपने अक्सर प्रधानमंत्री और उनके विदेश जाने के बारे में समाचार और मीम्स देखे होंगे। अब गुरुवार को संसद में सरकार ने इस बारे में अधिकारी जानकारी दी है। केंद्र सरकार के विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 से अब तक 21 विदेश यात्राएं की हैं जिस पर 22.76 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं।

राष्ट्रपति ने की कितनी यात्राएं?

प्रधानमंत्री के बाद राष्ट्रपति के बारे में जानकारी देते हुए विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि राष्ट्रपति ने 2019 से अब तक 8 विदेश यात्राएं की हैं जिन पर 6.24 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। राष्ट्रपति के आठ में से सात दौरे  रामनाथ कोविंद ने किए। हालांकि, मौजूदा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सितंबर में ब्रिटेन का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि 2019 से सरकार ने राष्ट्रपति की यात्रा पर 6,24,31,424 रुपये और प्रधानमंत्री की यात्रा पर 22,76,76,934 रुपये और विदेश मंत्री की यात्रा पर 20,87,01,475 रुपये खर्च किए हैं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने की 86 विदेश यात्राएं

मुरलीधरन ने इस मामले में और जानकारी देते हुए कहा कि 2019 से अब तक विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 86 विदेश यात्राएं कीं। 

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की विदेश यात्रा पर कितना खर्च हुआ?

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 2014 से 2019 के बीच अपने कार्यकाल में करीब 93 विदेश यात्राएं कीं। इन यात्राओं पर 2021 करोड़ रुपए खर्च किए गए। जब यूपीए-1 सरकार में प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह ने कुल 50 विदेश यात्राएं कीं और उन पर कुल 1350 करोड़ रुपए खर्च किए गए।