वडोदरा मंडल द्वारा प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आयोजित
स्वास्थ्य इकाई के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बच्चों का टीकाकरण करने के साथ-साथ अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक भी किया
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा हाल ही में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत विद्या मंदिर, प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी में पल्स पोलियो टीकाकरण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पाँच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने हेतु ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की खुराक प्रदान करना था।
वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिविर में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाई। स्वास्थ्य इकाई के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बच्चों का टीकाकरण करने के साथ-साथ अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक भी किया।
अभियान के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो, किन्तु पड़ोसी देश पाकिस्तान में वाइल्ड पोलियो वायरस अभी भी सक्रिय है। अंतरराष्ट्रीय आवागमन के कारण इसके पुनः फैलने की आशंका बनी रहती है। इसलिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को, पूर्व में टीकाकरण हो चुका होने पर भी, ओरल पोलियो वैक्सीन की दो बूंदें अवश्य पिलानी चाहिए, जिससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ बनी रहे और देश पोलियो मुक्त बना रहे।
वडोदरा मंडल का चिकित्सा विभाग बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य अभियानों के सफल संचालन हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
