‘हेरा फेरी 3’ को लगा एक और बड़ा झटका! प्रियदर्शन के बाहर होने से बढ़ीं टेंशन

मुंबई, 30 जून (वेब वार्ता)। फेमस डायरेक्टर प्रियदर्शन ने खुद को ‘हेरा फेरी 3’ से अलग कर लिया है। उन्होंने फिल्म के कानूनी विवादों और आंतरिक कलह के कारण इसके कभी रिलीज न होने की आशंका जताई।

कॉमेडी के शौकीनों के लिए ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी एक ऐसी फिल्म है, जिसके तीसरे भाग का लोग सालों से इंतजार कर रहे हैं। बाबू भैया, राजू और श्याम की तिकड़ी को दोबारा बड़े पर्दे पर देखने की उम्मीदों को अब एक बहुत बड़ा झटका लगा है। इस कल्ट कॉमेडी फिल्म के ओरिजिनल डायरेक्टर प्रियदर्शन ने खुद को इस प्रोजेक्ट से पूरी तरह अलग कर लिया है।

फिल्म के निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस ओर इशारा किया कि फिल्म के डायरेक्टर अब इस नए प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं। इस बात पर मुहर लगाते हुए प्रियदर्शन ने खुद एक बातचीत में साफ किया कि फिरोज का दावा बिल्कुल सच है और वे अब इस फिल्म से किसी भी रूप में जुड़े हुए नहीं हैं।

प्रियदर्शन ने खुद किया हैरान करने वाला बड़ा खुलासा

प्रियदर्शन ने निराशा जाहिर करते हुए एक बेहद चौंकाने वाली बात कही कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े कई कानूनी पचड़े और आपस के झगड़े इतने गंभीर हैं कि शायद यह फिल्म कभी भी सिनेमाघरों का मुंह नहीं देख पाएगी।

डायरेक्टर प्रियदर्शन के अनुसार अब इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे इस फिल्म का हिस्सा हैं या नहीं, क्योंकि असली संकट इसके वजूद पर ही मंडरा रहा है।

म्यूजिक और राइट्स के जाल में फंसी फिल्म

इस साल शुरू होने वाली फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ की शूटिंग के टलने के पीछे कॉपीराइट और म्यूजिक राइट्स का एक गहरा दलदल है। टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने इस फिल्म के संगीत अधिकारों पर अपना मालिकाना हक जताया है, जिसे सुलझाए बिना फिल्म का आगे बढ़ना मुश्किल होगा।

इतना ही नहीं, ‘सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल’ नाम के एक प्रोडक्शन हाउस ने कानूनी तौर पर दावा किया है, कि फिल्म मेकर फिरोज नाडियाडवाला के पास केवल मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ का हिंदी रिमेक बनाने का अधिकार था। उन पर आरोप है कि उन्होंने ‘फिर हेरा फेरी’ बनाकर और इस फ्रेंचाइजी के अधिकार अक्षय कुमार की कंपनी को ट्रांसफर करके पुराने समझौते का पूरी तरह से तोड़ दिया है।

करोड़ों का हर्जाना और अंदरूनी कलह से बढ़ी मुश्किलें

यह पहली बार नहीं है जब ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर इतना बड़ा तमाशा खड़ा हुआ है। इससे पहले पिछले साल अभिनेता परेश रावल द्वारा फिल्म छोड़ने की खबरें भी काफी चर्चा में थीं। उस दौरान सुपरस्टार अक्षय कुमार ने उनके खिलाफ करीब 25 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

हालांकि बाद में आपसी बातचीत से अक्षय कुमार ने अपना मुकदमा वापस ले लिया था। मगर एक विवाद खत्म होते ही जिस तरह से नए कानूनी विवाद और मालिकाना हक की जंग शुरू हो गई है, उसे देखकर लगता है कि दर्शकों को हंसाने वाली यह मशहूर फ्रेंचाइजी खुद कानूनी उलझनों में बुरी तरह रो रही है और इस साल तो इसका काम शुरू होना नामुमकिन है।