मुरैना: जमीनी विवाद में चली गोलियां, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं

ताबड़तोड़ गोलीबारी में छह से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए

मुरैना: जमीनी विवाद में चली गोलियां, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं

मुरैना, 5 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। ताबड़तोड़ गोलीबारी में छह से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में काफी लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर साल 2011 में भी एक व्यक्ति की हत्या हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, मुरैना के लेपा भिसोड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि गांव के दो परिवारों में पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते शुक्रवार को एक परिवार ने दूसरे परिवार वालों पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन पुरुष और तीन महिलाएं मारी गई हैं। मृतकों के नाम लेस कुमारी पत्नी वीरेंद्र सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। गोलीकांड के बाद गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हत्याकांड का वीडियो आया सामने

इस पूरे हत्याकांड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें हमलावर लोगों को लाठियों से पीट रहे हैं। कुछ लोग बंदूक और लाठियां लेकर सड़क पर खड़े हैं। इसी बीच एक युवक आता है और एक के बाद एक पांच लोगों को गोली मार देता है। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग गए।

Latest Posts

उड़ान के दौरान केबिन क्रू से दुर्व्यवहार करने वाले यात्री को सूरत एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया
सूरत : हाई कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आया नगर निगम, नासिरनगर के बेघर परिवारों के लिए भरी माता कम्युनिटी हॉल में अस्थायी आश्रय की व्यवस्था
सूरत : राकेश सैनी ने दांतों से 8 कारें 100 मीटर तक खींचकर बनाया रिकॉर्ड, वर्ल्ड ड्रग्स डे पर युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
अमरनाथ यात्रा में सूरत की सेवा परंपरा: 28 वर्षों से श्रद्धालुओं को मिल रहा शुद्ध गुजराती भोजन का प्रसाद
सूरत : “भाषा और वेशभूषा अलग हो सकती है, लेकिन भारतीय होने का भाव एक है” : महामहिम नंदकिशोर यादव