गुजरात : प्रत्येक जीव में शिव देखकर राज्य के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मुख्यमंत्री ने व्यक्त की प्रतिबद्धता

गुजरात : प्रत्येक जीव में शिव देखकर राज्य के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मुख्यमंत्री ने व्यक्त की प्रतिबद्धता

अमरेली जिले के कोवाया गांव में आयोजित शिव कथा में सहभागी बने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रत्येक जिले में बनाएंगे 75 अमृत सरोवरः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अमरेली जिले की राजुला तहसील के कोवाया गांव में लाखणोत्रा परिवार की ओर से आयोजित शिव कथा में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने शिव कथा के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि संत और शूरा की भूमि कहे जाने वाले सौराष्ट्र में प्रवेश करते ही आध्यात्मिक चेतना की अनुभूति होती है। उन्होंने शिव कथा में शामिल होने पर धन्यता का अनुभव किया। उन्होंने उपस्थित भक्तजनों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशासन स्थापित कर पूरे देश को सुशासन की राह पर आगे बढ़ने को प्रेरित किया है। राज्य सरकार ने भी उस दिशा में कदम बढ़ाते हुए सुशासन का सर्वांगीण अमल किया है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के जश्न के अंतर्गत प्रत्येक जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को साकार करने को गुजरात तत्पर है। इस संदर्भ में उन्होंने राज्य के प्रत्येक जिले में ऐसे 75 अमृत सरोवरों के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। 
मुख्यमंत्री भुपेन्द्र पटेल ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के जीव में शिव देखकर सरकार राज्य के सभी नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और मकान जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने को कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने धरती माता का स्वास्थ्य सुधारने और स्वास्थ्यप्रद जीवन शैली के लिए गाय आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से जमीन की सेहत सुधरेगी, बहुमूल्य पौष्टिक आहार की भेंट मिल सकेगी और कम उम्र में ही होने वाले गंभीर रोगों से बचा जा सकेगा। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र को सार्थक करने और ‘आत्मनिर्भर गुजरात से आत्मनिर्भर भारत’ की ओर प्रेरित होने का अनुरोध किया। 
उन्होंने जाफराबाद तहसील के वाराहस्वरूप मंदिर में दर्शन किया। महंत  जोगेन्द्र बापू ने मुख्यमंत्री को इस स्थान के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात भी की। व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य गिरीबापू से भूपेंद्र पटेल ने आशीर्वचन ग्रहण किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और अमरेली जिले के प्रभारी मंत्री आर.सी. मकवाणा, सांसद नारणभाई काछड़िया, जिला भाजपा अध्यक्ष कौशिकभाई वेकरिया, प्रदेश मंत्री महेशभाई कसवाला, विधायक जेवी काकड़िया, तालाळा के विधायक भगाभाई बारड़, पूर्व संसदीय सचिव हीराभाई सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्रसिंह राणा, राजुला तहसील पंचायत अध्यक्ष मीठाभाई लाखणोत्रा सहित कई संत, महंत और भाविक भक्त उपस्थित थे। 
Tags: Amreli