आरआईएल टीटीडी को 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करेगा
तिरुमाला, 29 जून (वेब वार्ता)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 27.5 करोड़ रुपये की 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करेगी।
यह घोषणा कंपनी के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने रविवार को तिरुमाला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद की। उन्होंने कहा कि कंपनी तीर्थयात्रियों के पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के लिए टीटीडी को 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करेगी।
अनंत ने आज सुबह ‘सुप्रभात सेवा’ में भाग लिया और पारंपरिक मुंडन संस्कार भी कराया और भगवान वेंकटेश्वर को अपने बाल अर्पित किए।
उन्होंने कहा कि कंपनी इन बसों के संचालन के लिए ज़रूरी 50 चालकों के वेतन और अन्य भत्तों का खर्च भी उठाएगी और
इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने में टीटीडी की मदद करेगी।
दर्शन के बाद मंदिर के पुजारियों ने वैदिक आशीर्वाद के साथ अनंत अंबानी का पारंपरिक स्वागत किया और उन्हें ‘तीर्थ प्रसाद’ भेंट किया।
