सूरत शहर को पहचान दिलाने पहल सांसद सीआर पाटिल ने लॉन्च किया ब्रांड सूरत का लोगो

सूरत की खासियतें दुनिया भर में पहुंचाई जाएंगी

सूरत शहर को पहचान दिलाने पहल सांसद सीआर पाटिल ने लॉन्च किया ब्रांड सूरत का लोगो

ब्रांड सूरत का लोगो लॉन्च करते महानुभव

सूरत डायमंड और टेक्सटाइल सिटी के तौर पर विश्व विख्यात सूरत शहर को अब समूचे विश्व के समक्ष एक ब्रांड के रूप में प्रस्तुत करने  के लिए सूरत के उद्यमी, व्यवसाई और युवाओं की टीम ने ब्रांड सूरत की स्थापना की है। रविवार को सांसद और गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल के हाथों ब्रांड सूरत का लोगो लॉन्च किया गया। ब्रांड सूरत के तहत सूरत की खासियतों को विश्व तक पहुंचाया जाएगा। 

सूरत शहर की कई विशेषताएं ऐसी हैं जिनसे देश के अन्य शहरों के साथ- साथ बाकी दुनिया भी अनजान है। तब सूरत के जागरूक नागरिकों के मन में सूरत को एक ब्रांड के रूप में पेश करने का विचार आया। इसी विचार के साथ ब्रांड सूरत फाउंडेशन की स्थापना की गई। रविवार को ब्रांड सूरत का लोगो के लॉन्चिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।  इसके बाद सांसद सीआर पाटिल के हाथों  लोगो का अनावरण किया गया। 

इस मौके पर सांसद सी.आर. पाटिल ने इस नई पहल की सराहना की और संगठन को सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सांसद सीआर पाटिल ने कहा कि सूरत आज कई क्षेत्रों में दुनिया के लिए रोल मॉडल बनने जा रहा है।  विश्व का सबसे बड़ा ऑफिस बिल्डिंग सूरत में है। सूरत नगर निगम द्वारा 29 मंजिला ट्विन टावर का निर्माण किया जा रहा है। यह दुनिया का पहला ऐसा महानगर पालिका का ऑफिस होगा जिसका इतना कार्यालय होगा। इसके अलावा सूरत महानगर पालिका द्वारा अगले 50 वर्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जल प्रबंधन किया जा रहा है। फिर सूरत की ऐसी कई खूबियां हैं, जो सूरत को दुनिया में एक ब्रांड बना सकती हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत किया गया और स्वागत भाषण में कहा गया कि सूरत के लोग पानी की तरह हैं और यही कारण है कि वे बाहर से सूरत आने वाले लोगों को अपने अंदर समाहित कर लेते हैं।  यहां सांप्रदायिक सद्भावना है। इतना ही नहीं सूरती लोग आपदा को भी अवसर में बदल देते हैं। यहां दान लेने वाले कम हो जाएंगे, लेकिन दान देने वाले नहीं। कार्यक्रम में ब्रेन स्टोर्मिंग की गई, जिसमें मुंबई या बाहर से आईं विवाहिताओं ने सूरत की खासियते बताई । कार्यक्रम के दौरान सूरत के बारे में पावर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।

Tags: Surat PNN