गुजरात : राज्य के इतिहास में पहली बार महिला उन्मुख योजनाओं का बजट 1 लाख करोड़ रुपए के पार

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही नारी सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की

राज्य सरकार ने लिखा महिला सशक्तिकरण का एक नया अध्याय

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही नारी सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा है और इस वर्ष राज्य के इतिहास में पहली बार महिला उन्मुख योजनाओं का बजट 1 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है। मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को गांधीनगर में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की महिला शाखा फिक्की महिला संगठन (एफएलओ) की महिला उद्यमियों के साथ बातचीत में कही। 

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने फिक्की महिला संगठन की महिला उद्यमियों के साथ किया वार्तालाप

मुख्यमंत्री ने फिक्की महिला संगठन की महिला उद्यमियों को गांधीनगर में मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित कर उनके साथ सहज संवाद-वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया था। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न वर्गों, राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और सरकार के अदने सेवक यानी कर्मयोगियों के साथ संवाद गोष्ठी की शृंखला की एक अभिनव परंपरा शुरू कर सभी को ‘अपने भूपेंद्रभाई’ के रूप में अपनेपन की अनुभूति कराई है। इसी शृंखला में उन्होंने इन महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री निवास स्थान पर आमंत्रित कर बातचीत और संवाद के माध्यम से उनके अनुभव और उद्योग क्षेत्र में महिला शक्ति के योगदान के विषय में जानकारी हासिल की।

राज्य सरकार का महिला स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने का विशेष दृष्टिकोण

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन महिला उद्यमियों से कहा कि इस वर्ष के बजट में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन सहित 200 से अधिक योजनाएं केवल महिलाओं के लिए हैं। उन्होंने इस संदर्भ में यह भी कहा कि राज्य सरकार ने महिला स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने का दृष्टिकोण अपनाया है। एफएलओ की महिला उद्यमियों ने भी उन्हें राज्य सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग सहित अपने अन्य अनुभवों के बारे में बताया।