दिल्ली : मोबाइल झपट कर भाग रहे आरोपियों को दो बहादुर बहनों ने धर दबोचा, किसी फ़िल्मी दृश्य की तरह घटा पूरा मामला

विकासपुरी के विकास नगर इलाके में रहने वाली दोनों बहनों ने दिखाई बहादुरी

आज कल देश के हर हिस्से में जनता एक सामान्य पर गंभीर समस्या से जूझ रहे है। देश के हर हिस्से में स्नैचिंग की समस्या बढ़ी हुई है। ऐसा ही एक मामला सामने आया जहाँ दो बहादुर छात्राओं ने स्नैचिंग करके भाग रहे आरोपियों को धर दबोचा। ये मामला दिल्ली के विकासपुरी इलाके का है।
आपको बता दें कि विकासपुरी में दो बहादुर छात्राओं ने मोबाइल झपट कर भाग रहे आरोपियों को पकड़ लिया। जिसके बाद आस-पास के लोगों ने आरोपियों की जमकर पिटाई की। हालांकि इस घटना में एक आरोपी वहां से भागने में सफल रहा। विकासपुरी थाना एसएचओ ने बहादुर लड़कियों को इनाम देकर उनकी हौसला अफजाई की। इलाके के प्रधान ने भी दोनों लड़कियों की बहादुरी पर सम्मानित करने की बात कही है। जनप्रतिनिधियों से भी छात्राओं की हौसला अफजाई के लिए आग्रह किया है। फिलहाल पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। 
जानकारी के अनुसार, विकासपुरी के विकास नगर इलाके में रहने वाली दोनों बहनें क्रिकेट प्लेयर हैं। घटना के वक्त क्रिकेट ट्रेनिंग के लिए ई-रिक्शा से एकेडमी जा रही बहनों के पीछे से बाइक सवार बदमाश आया और लड़की के हाथ से फोन छीनकर भागने लगा। यह देख दोनों बहनों ने हिम्मत दिखाकर ई-रिक्शा से छलांग लगाकर आरोपियों का पीछा किया। दोनों ने एक राहगीर से लिफ्ट लेकर आरोपियों का पीछा किया। आरोपियों ने आगे जाकर फिर एक वारदात को अंजाम दिया और दोबारा उसी रोड से भागने की कोशिश करने लगे, तभी स्कूटी से पीछा कर रहीं दोनों बहनों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो बाइक सवार दोनों आरोपी सड़क पर गिर गए।
जब तक दोनों बहनें एक आरोपी को पकड़ रही थी इतने में दूसरा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और सूचना पुलिस को दी। पकड़े गए आरोपी से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। विकासपुरी थाना पुलिस ने दोनों लड़कियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Tags: