गुजरात : साल भर में 1145 लापता हुई महिलाओं का अभी तक पता नहीं चला है

साल २०२० में ७६३७ महिलाएं गायब, पुलिस ने ६५२८ महिलाओं को खोज निकाला, मात्र अहमदाबाद से 1870 महिलाएं लापता

वर्ष 2020 में गुजरात में कोरोना संक्रमण के दौरान राज्य से विभिन्न कारणों से 7673 महिलाओं के लापता होने की सूचना मिली थी लेकिन सरकार का दावा है कि इन लापता महिलाओं में से पुलिस ने 6528 महिलाओं का पता लगा लिया गया है। गृह मंत्री ने विधानसभा में लापता महिलाओं पर एक सवाल के जवाब में कहा कि वर्ष 2020 में राज्य से लापता महिलाओं को खोजने का प्रयास किया गया है। अहमदाबाद इकलौता ऐसा शहर है जहां 1870 महिलाएं लापता हो गई हैं। जबकि 1216 महिलाओं के साथ सूरत शहर दूसरे नंबर पर है।
गृह मंत्री द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, राजकोट शहर से 390, वडोदरा शहर से 327 और ग्रामीण अहमदाबाद से 95 महिलाएं लापता हैं। गांधीनगर में यह आंकड़ा 235 है। महिलाओं के लापता होने की घटनाएं सभी जिलों में देखने को मिली हैं। हालांकि आदिवासी इलाकों में यह आंकड़ा न के बराबर है। राज्य में एक साल में कुल 7637 महिलाओं के लापता होने के साथ ही यह कहा जा सकता है कि औसतन हर दिन 21 महिलाएं लापता हुई हैं।
बता दें कि राज्य के विभिन्न जिलों और शहरों में लापता महिलाओं में से पुलिस ने कुल 6528 महिलाओं का पता लगा लिया है। अहमदाबाद में गायब हुई महिलाओं में से 1674 महिलाएं जबकि सूरत में 899 महिलाएं लौट चुकी हैं। लापता महिलाओं की तलाश के लिए शहर और जिलों में अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। समय-समय पर मिसिंग ड्राइव की भी योजना बनाई जाती है।
Tags: Gujarat