बॉबी देओल ने 'बंटवारा 1947' के टीज़र की सराहना की
मुंबई, 03 जुलाई (वेब वार्ता)। आमिर खान प्रोडक्शंस की आगामी ऐतिहासिक फिल्म 'बंटवारा 1947' के टीज़र को अभिनेता बॉबी देओल ने सराहा है। बॉबी देओल ने अपने बड़े भाई सनी देओल और फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बॉबी देओल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का टीज़र साझा करते हुए लिखा, "आप सबसे बेहतरीन हैं, भैया! इस फिल्म को देखने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं और बेसब्री से इसका इंतजार कर रहा हूं। आपको और पूरी टीम को मेरी तरफ से ढेरों शुभकामनाएं। टीज़र शानदार लग रहा है। यकीन है कि यह फिल्म भी कमाल की होगी।"
फिल्म 'बंटवारा 1947' भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें वर्ष 1947 के दौरान हुए बंटवारे से जुड़े दर्द, विस्थापन और मानवीय संघर्ष की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में नफरत के माहौल के बीच इंसानियत और साहस का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
फिल्म में शबाना आज़मी, प्रीति जी ज़िंटा, करण देओल, अली फ़ज़ल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
