सूरत : सरसाना में ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का शुभारंभ, राज्य मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित ने किया उद्घाटन

‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में टेक्सटाइल उद्योग की अहम भूमिका, सूरत के उद्योगपतियों की नवाचार क्षमता की सराहना

सूरत : सरसाना में ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का शुभारंभ, राज्य मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित ने किया उद्घाटन

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) तथा साउथ गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC), सरसाना में आयोजित ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का शुक्रवार को गुजरात सरकार के उद्योग, खेल, युवा सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि राज्य मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित ने उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े उद्यमियों से संवाद किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गामित ने कहा कि सूरत आज देश का अग्रणी टेक्सटाइल हब बन चुका है। यहां के उद्योगपतियों ने गुणवत्ता, नवाचार और आधुनिक तकनीक के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां स्थानीय निर्माताओं को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत-2047’ के विज़न को साकार करने में टेक्सटाइल उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार आधुनिक सुविधाएं, सरल औद्योगिक नीतियां और आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराकर उद्योगों के विकास को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

राज्य मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के बाद टेक्सटाइल उद्योग देश में सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाला क्षेत्र है। उन्होंने सूरत के टेक्सटाइल उद्योगपतियों की वैश्विक व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन में अग्रणी भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक आधारित उत्पादन, गुणवत्ता सुधार और वैश्विक मानकों के अनुरूप उत्पादों के कारण सूरत का वस्त्र उद्योग लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रदर्शनी के दौरान उन्होंने फैब्रिक, टेक्सटाइल मशीनरी, आधुनिक तकनीक और उद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की तथा सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

इस अवसर पर SGCCI के अध्यक्ष अशोक जीरावाला, ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ग्लोबल प्रेसिडेंट मुरुगन थंकोंदर, अजमेरा फैशन लिमिटेड के सीईओ एवं संस्थापक अजय अजमेरा, सर्जन इंटरनेशनल के संस्थापक अमित डोभरिया, बॉम्बे डाइंग के मैनेजर रजनीश दत्त सहित देश-विदेश के अनेक टेक्सटाइल उद्योगपति, निर्माता, निर्यातक, व्यापारी और बड़ी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहे।

Tags: Surat SGCCI