सूरत : सचिन इंडस्ट्रियल सोसाइटी की नई कॉर्पोरेट बिल्डिंग का उद्घाटन

विधायक संदीप देसाई ने किया लोकार्पण, उद्योगपतियों के सहयोग से 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुआ आधुनिक परिसर

सूरत : सचिन इंडस्ट्रियल सोसाइटी की नई कॉर्पोरेट बिल्डिंग का उद्घाटन

सूरत। सचिन जीआईडीसी के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सचिन इंडस्ट्रियल कंपनी सोसायटी लिमिटेड की नई कॉर्पोरेट बिल्डिंग का गुरुवार को भव्य उद्घाटन किया गया।

चोर्यासी ‌के विधायक संदीप देसाई ने सुबह 11:15 बजे नई इमारत का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सचिन जीआईडीसी के बड़ी संख्या में उद्योगपति, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और सामाजिक अग्रणी उपस्थित रहे।

पूर्व में अरिहंत कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल से संचालित होने वाली सोसायटी अब रोड नंबर-6 स्थित पानी की टंकी के सामने बने अपने नए भवन में स्थानांतरित हो गई है। उद्योगपतियों के आर्थिक सहयोग से निर्मित इस आधुनिक भवन पर 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। भवन को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप कॉर्पोरेट स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि नई बिल्डिंग के निर्माण में सचिन जीआईडीसी के उद्योगपतियों ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग दिया। भवन में आधुनिक कार्यालय सुविधाओं के साथ ऐसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जिससे सोसायटी को नियमित आय प्राप्त हो सके। परिसर के कुछ हिस्सों को बैंक और अन्य संस्थानों को किराये पर देकर स्थायी आय का मॉडल तैयार किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक संदीप देसाई ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत संस्थागत ढांचा किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के विकास की नींव होता है। उन्होंने कहा कि नई बिल्डिंग न केवल सोसायटी के प्रशासनिक कार्यों को गति देगी, बल्कि उद्योगपतियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।

उन्होंने कहा कि चोर्यासी विधानसभा क्षेत्र में उद्योग, बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सचिन जीआईडीसी में बिजली, सड़क, ट्रैफिक और सुरक्षा संबंधी कई लंबित मुद्दों का समाधान किया गया है तथा कई परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

कार्यक्रम में CETP-सचिन के चेयरमैन विनय अग्रवाल ने कहा कि विधायक संदीप देसाई ने उद्योगों की समस्याओं के समाधान में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को जब भी किसी सरकारी विभाग से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ा, विधायक ने उसे सुलझाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

पांडेसरा जीआईडीसी के अध्यक्ष कमलविजय तुलश्यान, जीतू वखारिया, ओर्गो केमिकल्स के पारस शाह सहित कई उद्योगपतियों ने नई बिल्डिंग को सचिन जीआईडीसी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उद्घाटन समारोह में सोसायटी के अध्यक्ष किशोरभाई पटेल, सचिव मयूर गोलवाला, निदेशक गौरांग चपटवाला, विष्णुभाई ब्रह्मभट्ट, उपाध्यक्ष एवं नोटिफाइड चेयरमैन नीलेशभाई गामी, पूर्व अध्यक्ष नीलेशभाई लिंबासिया, उमेशभाई जादूगर, मनहरभाई परमार सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति मौजूद रहे।

सोसायटी की स्थापना वर्ष 1990 में करने वाले दिनकरराय नायक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और नई इमारत को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

सचिव मयूर गोलवाला ने कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सचिन जीआईडीसी की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने नाममात्र के टोकन मूल्य पर लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य की 3,000 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराई है। इसके अलावा गेट नंबर-2 पर हाईवे पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे श्रमिकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

साथ ही, रोड नंबर-2, 5 और 6 पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए नई कनेक्टिविटी सड़क परियोजना को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे भविष्य में यातायात की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

Tags: Surat