वडोदरा मंडल पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्साह पूर्वक आयोजन
योग हमारे शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वच्छता के लिए महत्वपूर्ण : राजू भडके
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल पर 12वाँ “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” उत्साहपूर्वक मनाया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार वडोदरा मंडल पर “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” की थीम पर योग सत्र का आयोजन किया गया। प्रतापनगर स्थित रेलवे ऑडिटोरियम में प्रातः 6:00 बजे से 7:50 बजे तक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ।
वडोदरा शहर की जानीमानी योग गुरु श्रीमती कृष्णा पटेल एवं कुमारी ख़ुशी पटेल तथा उनकी टीम के मार्गदर्शन में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान संबंधी सुन्दर योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने अपने संबोधन में कहा कि योग हमारे शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वच्छता के लिए महत्वपूर्ण है। भारत की इस अनमोल प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को हमें अपने दैनिक जीवन में उतारना जरूरी है। योग हमें स्ट्रेस और नेगेटिविटी से क्रियेटिविटी व तनावमुक्त जीवन की ओर ले जाता है और जीवन में नई संभावनाएं व ऊर्जा उत्पन्न करता है। “योग को न केवल रेल कर्मचारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए अपितु अपने परिजनों को भी इस हेतु प्रेरित करना चाहिए ताकि सभी लोग शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें”।
सामूहिक योग अभ्यास के इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन वडोदरा मंडल की अध्यक्षा डॉ. कविता भडके, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, संगठन की अन्य सदस्याएं, रेलवे सुरक्षा बल, तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी, अधिकारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार एवं उनकी वेलफेयर टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
