सूरत : विसा हुमड समाज द्वारा श्रुत स्कंद विधान एवं शास्त्र सजावट प्रतियोगिता का आयोजन

धार्मिक आयोजन में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, विजेताओं को दिए गए पुरस्कार

सूरत : विसा हुमड समाज द्वारा श्रुत स्कंद विधान एवं शास्त्र सजावट प्रतियोगिता का आयोजन

विसा हुमड समाज द्वारा 19 तारीख को डांडिया मंदिर में श्रुत स्कंद विधान का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस आयोजन के पूर्ण आयोजक भक्ति बहन एवं किरीट कुमार टोपीवाला सह परिवार रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत पहली बार शास्त्र सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में करीब 20 से 22 शास्त्रों की सुंदर एवं आकर्षक सजावट कर प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

सभी प्रतिभागियों द्वारा शास्त्रों की बहुत ही सुंदर सजावट की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आश्वासन पुरस्कार भी दिए गए।

समाज की लता जैन ने बताया कि इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया, जिसे समाजजनों का अच्छा प्रतिसाद मिला। कार्यक्रम में समाज के प्रमुख सुजीत तासवाला, सुधीर भाई शाह, देवांग तासवाला, लता घीवाला, प्रीति शाह, मुकेश भाई जवेरी, वीरल टोपीवाला, चिन्मय घीवाला सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Tags: Surat