सूरत : उधना-गोडादरा माहेश्वरी सभा का गठन, सत्यनारायण देवपुरा अध्यक्ष एवं दिनेश चांडक बने सचिव
सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन, पदाधिकारियों ने समाज सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का लिया संकल्प
सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अंतर्गत आने वाली उधना-गोडादरा माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी का गठन शनिवार को सर्वसम्मति से किया गया। सभा परिवार के दामोदर राठी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
नई कार्यकारिणी में सत्यनारायण देवपुरा को अध्यक्ष तथा दिनेश चांडक को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा महेश साबू एवं जगदीश कोठारी को उपाध्यक्ष, श्याम सुंदर राठी को कोषाध्यक्ष, मुकेश न्याति को संगठन मंत्री तथा सुनील न्याति एवं अमित राठी को सहसचिव नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने समाजहित एवं समाज सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा नई टीम के सफल कार्यकाल की कामना की।
