सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर महावीर इंटरनेशनल वीरा दृष्टि ने किया पौधारोपण

उधना रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अधिकाधिक वृक्ष लगाने का लिया संकल्प

सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर महावीर इंटरनेशनल वीरा दृष्टि ने किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल वीरा दृष्टि, सूरत द्वारा उधना रेलवे स्टेशन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, सूरत रेलवे श्री गणेश जाधव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सूरत के प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी एवं ‘पेड़ मैन’ के नाम से विख्यात श्री बसंत खेतान की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने निरंतर प्रयासों की जानकारी देते हुए वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान महावीर इंटरनेशनल वीरा दृष्टि, सूरत की जोन चेयरपर्सन वीरा निशा सेठिया, सचिव वीरा स्मृति जैन, सलाहकार वीर मीनाक्षी जैन तथा कार्यक्रम संयोजिका वीरा लता जैन एवं वीरा नीलम डांगा ने रेलवे अधिकारियों एवं अतिथियों का खेस और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों एवं रेलवे अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। महावीर इंटरनेशनल वीरा दृष्टि, सूरत द्वारा आयोजित यह पौधारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में संपन्न हुआ।

Tags: Surat