सूरत : तिरुपति मार्केट में आवारा कुत्तों का आतंक, मासूम बच्चे पर हमले का CCTV वीडियो वायरल

रिंग रोड के व्यस्त टेक्सटाइल मार्केट में हुई घटना से व्यापारियों और लोगों में डर; डॉग कंट्रोल व्यवस्था पर उठे सवाल

सूरत : तिरुपति मार्केट में आवारा कुत्तों का आतंक, मासूम बच्चे पर हमले का CCTV वीडियो वायरल

सूरत : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यह समस्या केवल रिहायशी सोसायटियों और गार्डनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि शहर के व्यस्त टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्रों तक पहुंच गई है।

रिंग रोड स्थित तिरुपति मार्केट में एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा किए गए हमले का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, तिरुपति मार्केट में खरीदारी करने आई एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ गुजर रही थी। इसी दौरान महिला का ध्यान कुछ क्षणों के लिए बच्चे से हटते ही तीन आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया।

कुत्तों ने बच्चे को घेरकर काटना शुरू कर दिया और उसे सड़क पर घसीटने लगे। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद व्यापारी और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारियों ने नगर निगम की डॉग कंट्रोल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि तिरुपति मार्केट जैसे क्षेत्र में रोजाना हजारों लोग और व्यापारी आते-जाते हैं, इसके बावजूद आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में लगातार हो रहे डॉग अटैक के बावजूद सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। व्यापारिक संगठनों और नागरिकों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाया जाए।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में शहर के कई इलाकों से आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में एक सार्वजनिक गार्डन में भी एक बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

वहीं रामपुरा इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने ईद के लिए लाए गए तीन बकरों को हमला कर मार डाला था। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Tags: Surat