सूरत : इंदौर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी संपन्न, संगठन विस्तार और सामाजिक सहभागिता पर हुआ मंथन
सोनल जैन बनीं सांस्कृतिक समिति की राष्ट्रीय संयोजक, समाज की एकजुटता को संगठन की शक्ति बताया गया
इंदौर स्थित सिमचा रिसॉर्ट में 30 और 31 मई को आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक उत्साह, संगठनात्मक संकल्प और समाजहित के विविध मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुई। बैठक में देशभर से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने संगठन विस्तार, सामाजिक सरोकारों, राजनीतिक सहभागिता, युवा एवं महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विषयों पर मंथन किया।
राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने पिछली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष विपिन गुप्ता, संरक्षक रमेश गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, रामकांत खैतान, जितेंद्र सिंघल, प्रचार मंत्री राजेश गुप्ता, रामबाबू सिंघल, किरण अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल बोड़वाड, विनोद अग्रवाल धूलिया, सुरेंद्र अग्रवाल सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि नई टीम के नेतृत्व में आयोजित यह पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संगठन के लिए नए युग की शुरुआत साबित होगी। उन्होंने कहा कि समर्पण, निष्ठा और सामूहिक प्रयासों से ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने क्षेत्रों की सक्रिय संस्थाओं, समाजसेवियों और प्रतिभाओं का विवरण संगठन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर समाज की शक्ति को संगठित किया जा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन किसी संस्था का विकल्प नहीं, बल्कि सभी संस्थाओं को जोड़ने वाला एक साझा मंच है। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों, गतिविधियों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय और सहयोग को मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक के प्रथम दिवस में अग्रवाल समाज की राजनीतिक सहभागिता बढ़ाने, वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी तक पहुंचाने, युवाओं को नेतृत्व और सार्वजनिक जीवन से जोड़ने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा सदस्यता अभियान को डिजिटल स्वरूप देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही महिला एवं युवा विंग को अधिक सक्रिय बनाने तथा वेबसाइट, मोबाइल एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
दूसरे दिन सदस्यता विस्तार अभियान, डिजिटल संरचना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहायता योजनाओं, महिला एवं युवा सशक्तिकरण तथा समाजहित की भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सूरत की अंतरराष्ट्रीय कवयित्री सोनल जैन को संगठन की सांस्कृतिक समिति का राष्ट्रीय संयोजक मनोनीत किया गया।
बैठक में गुजरात से राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका के नेतृत्व में सूरत, अहमदाबाद, आनंद, दाहोद, राजकोट, वडोदरा, भरूच, वापी और झालोद सहित विभिन्न शहरों से 40 से अधिक पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिनिधियों ने संगठन को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
