सूरत : स्व. लक्ष्मीबेन मोहनभाई मावाणी का देहदान, चिकित्सा शिक्षा के लिए प्रेरणादायी पहल
अंतिम इच्छा के अनुरूप भरूच के मेडिकल कॉलेज में पार्थिव देह समर्पित, समाजजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अंकलेश्वर निवासी एवं मूल रूप से भावनगर जिले के बहादुरपुर गांव की रहने वाली स्वर्गीय लक्ष्मीबेन मोहनभाई मावाणी का देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के उद्देश्य से भरूच स्थित डॉ. किरण सी. पटेल मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट को समर्पित किया गया। 90 वर्षीय लक्ष्मीबेन मावाणी का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है।
स्व. लक्ष्मीबेन मावाणी वर्तमान में आवकार सोसायटी, पुलिस स्टेशन के पास, जी.आई.डी.सी., अंकलेश्वर में निवासरत थीं। वे उद्योग जगत से जुड़े मावजीभाई, वल्लभभाई और राजेंद्रभाई मावाणी (क्वोलिट्रोन केमिकल्स, ॐ केमिटेक एवं एन.के. ज्वेल्स) की पूज्य माताश्री थीं।
परिवारजनों ने बताया कि स्व. लक्ष्मीबेन मावाणी की अंतिम इच्छा समाजहित में देहदान करने की थी। उनकी इसी पवित्र भावना और संकल्प का सम्मान करते हुए परिवार द्वारा उनके पार्थिव शरीर को मेडिकल शिक्षा एवं शोध कार्यों के लिए समर्पित किया गया।
इस अवसर पर मावजीभाई मोहनभाई मावाणी, वल्लभभाई मोहनभाई मावाणी, राजेंद्रभाई मोहनभाई मावाणी, प्रतीक मावजीभाई मावाणी, निलेश वल्लभभाई मावाणी, निसर्ग मावजीभाई मावाणी तथा ऋषि राजेंद्रभाई मावाणी सहित परिवारजन उपस्थित रहे।
मावाणी परिवार, अंकलेश्वर पटेल समाज, दिनेशभाई जोगाणी (लोक दृष्टि चक्षुबैंक, सूरत) तथा डॉ. प्रफुल्लभाई शिरोया, चेयरमैन इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी चोर्यासी शाखा एवं कनैयालाल मावाणी आधार दिव्यांग ट्रस्ट, सूरत द्वारा स्व. लक्ष्मीबेन मावाणी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समाजसेवियों ने इसे मानव सेवा और चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक अनुकरणीय योगदान बताते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज में जागरूकता और सेवा भावना को नई दिशा प्रदान करते हैं।
