सूरत में दूध महंगा, अमूल के बाद सुमुल डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

19 मई से लागू होगी नई कीमतें, प्रति लीटर दो रुपये तक की बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ

सूरत में दूध महंगा, अमूल के बाद सुमुल डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

सूरत। महंगाई के दौर में आम लोगों को एक और झटका लगा है।  सुमुल डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। नई दरें मंगलवार, 19 मई 2026 से लागू होंगी। इससे पहले अमूल  भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है।

सुमुल डेयरी ने दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। डेयरी प्रबंधन के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में ट्रांसपोर्टेशन, पैकेजिंग सामग्री, डीज़ल और अन्य इनपुट कॉस्ट लगातार बढ़ने से दूध की प्रोसेसिंग और वितरण लागत में काफी इजाफा हुआ है। इसी वजह से कीमतों में संशोधन करना पड़ा।

सुमुल से पहले गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के अंतर्गत आने वाली अमूल डेयरी ने भी 14 मई 2026 से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी लागू की थी। अमूल ने विभिन्न श्रेणी के दूध पर 1 रुपये से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

अमूल के “टी स्पेशल” दूध के एक लीटर पैक में 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि भैंस के दूध के 500 मिली पैक में 2 रुपये की वृद्धि की गई थी। इसके बाद अमूल भैंस दूध की कीमत 78 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

एक ही सप्ताह के भीतर राज्य की दो बड़ी सहकारी डेयरियों द्वारा दूध के दाम बढ़ाए जाने से आम परिवारों, विशेष रूप से गृहिणियों के घरेलू बजट पर असर पड़ने की आशंका है। दूध के दाम बढ़ने का असर आने वाले दिनों में चाय, कॉफी और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

Tags: Surat