सूरत : फोस्टा चुनाव प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित, मतदाता सूची का परीक्षण पूरा
4 जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, आवश्यकता पड़ने पर 20 जून को होगा मतदान
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के चुनावों को लेकर शनिवार, 30 मई 2026 को फोस्टा कार्यालय में चुनाव अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक के दौरान चुनाव अधिकारियों ने 30 अप्रैल 2026 तक सदस्य बने सदस्यों की मतदाता सूची तथा विभिन्न मार्केटों की मतदाता सूचियों का गहन अध्ययन एवं परीक्षण किया। इसके अलावा नामांकन प्रक्रिया, नाम वापसी, अंतिम प्रत्याशी सूची के प्रकाशन तथा मतदान कार्यक्रम को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
चुनाव अधिकारियों द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार 4 जून से 6 जून 2026 के बीच प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक फोस्टा कार्यालय में लिखित आवेदन देकर नामांकन पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 8 जून 2026 निर्धारित की गई है। उसी दिन शाम 6:00 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
9 जून 2026 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा शाम 6:00 बजे के बाद पात्र उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची फोस्टा कार्यालय में प्रकाशित की जाएगी।
उम्मीदवारों को 13 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन शाम 6:00 बजे के पश्चात अंतिम उम्मीदवार सूची फोस्टा कार्यालय में प्रदर्शित की जाएगी।
यदि आवश्यक हुआ और चुनाव निर्विरोध नहीं हुए, तो शनिवार, 20 जून 2026 को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट, रिंग रोड, सूरत में मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6:00 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी तथा मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बैठक में फोस्टा के चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल उपस्थित रहे।
