सूरत : इंदौर बनेगा अग्र समाज की एकता, ऊर्जा और संकल्प का केंद्र
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 30 और 31 मई को देशभर से जुटेंगे पदाधिकारी
किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता होती है और इसी उद्देश्य को सशक्त बनाने की दिशा में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन लगातार अग्र समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है। समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक समरसता और राजनीतिक भागीदारी को केंद्र में रखकर कार्य करने वाले संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 30 एवं 31 मई 2026 को इंदौर में आयोजित की जाएगी।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारुका ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर से प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा विशेष आमंत्रित सदस्य भाग लेंगे।
राजेश भारुका के अनुसार, यह बैठक समाज के भविष्य, संगठन के विस्तार और नई कार्ययोजनाओं को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज में समरसता बढ़ाने तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन ने स्थापना काल से ही समाज के आर्थिक रूप से सशक्त एवं अपेक्षाकृत कमजोर वर्गों को एक मंच पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी उद्देश्य से मात्र 100 रुपये सदस्यता शुल्क निर्धारित कर समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया गया। आज संगठन लाखों सदस्यों के साथ अग्र समाज के बड़े संगठनों में अपनी सशक्त पहचान बना चुका है। संगठन का आगामी लक्ष्य सदस्य संख्या को एक करोड़ तक पहुँचाना है।
