वडोदरा मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन
सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी का प्रयोग हमारा संवैधानिक दायित्व : राजू भडके
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक एवं मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष राजू भडके की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन 25 मई, 2026 को किया गया। इस अवसर पर हिंदी साहित्यकार सुमित्रानंदन पंत जयंती भी मनाई गयी एवं राजभाषा प्रश्न-मंच का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने अपने कर कमलों से हिंदी साहित्यकार सुमित्रानंदन पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके उपरांत कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए महोदय द्वारा मूल हिंदी टिप्पण आलेखन पुरस्कार योजना 2024-25 के विजेता कर्मचारियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने कहा कि सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी का प्रयोग हमारा संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने सभी शाखा अधिकारियों से सरल हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को पत्राचार एवं ई-ऑफिस में हिंदी नोटिंग प्रस्तुत करने हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार से प्राप्त पत्रों के उत्तर हिंदी में दिए जाएं।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक नीरज धमीजा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल देते हुए वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप हिंदी में पत्राचार, नोटिंग तथा फाइलों एवं रजिस्टरों में द्विभाषी शीर्षकों का उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी कार्यालयों में हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रबड़ मोहरों एवं नाम पट्टों के प्रयोग के निर्देश भी दिए।
नवीन यादव, प्रभारी अधिकारी (राजभाषा) एवं मंडल संरक्षा अधिकारी द्वारा दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की हिंदी प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की गई तथा वार्षिक कार्यक्रम 2026 -27 पर चर्चा की गई। उन्होंने हिंदी साहित्यकार सुमित्रानंदन पंत जी के जीवन एवं हिंदी साहित्य में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए भारतीय रेल विषयक राजभाषा प्रश्न-मंच का संचालन भी किया। प्रश्न-मंच के विजेताओं को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अनुवादक गुरु प्रसाद जोशी द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित मंडल के वरिष्ठ शाखा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
