वडोदरा : प्रधानमंत्री रोजगार मेला के अंतर्गत वडोदरा में रोजगार मेला का आयोजन, 80 नवनियुक्त युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

यह रोजगार मेला देश भर के 47 विभिन्न स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया जिसके तहत 51000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए

वडोदरा : प्रधानमंत्री रोजगार मेला के अंतर्गत वडोदरा में रोजगार मेला का आयोजन, 80 नवनियुक्त युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं के लिए रोजगार सृजन पहल के अंतर्गत देश भर में आयोजित 19वें रोजगार मेले का उद्धघाटन किया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से  विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को सम्बोधित भी किया। यह रोजगार मेला देश भर के 47 विभिन्न स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया जिसके तहत 51000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

इसी क्रम में पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के वडोदरा में प्रतापनगर डिविजनल रेलवे ऑडिटोरियम में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे एवं  विधायक केयुरभाई नारायणदास रोकडिया की गरिमामय उपस्थिति रही। जिसके अंतर्गत रेलवे, बैंक एवं डाक विभागों के कुल 80 पदों पर युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गये।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नए नियुक्त लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी सबसे पहले और सबसे अहम रूप से लोगों के जीवन को आसान बनाने का एक माध्यम है। उन्होंने हर युवा 'कर्मयोगी' से आह्वान किया कि वे अपनी पद को एक जीवंत जिम्मेदारी के रूप में देखें, भारत के लोगों की बढ़ती आकांक्षाओं को समझें और उसी के अनुसार अपने काम को ढालें। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर अपना पूरा विश्वास दोहराते हुए कहा कि ये नए नियुक्त कर्मचारी भारत की विकास यात्रा को एक नई गति प्रदान करेंगे, और उनके काम तथा निर्णयों के माध्यम से 'विकसित भारत' का संकल्प अवश्य पूरा होगा। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को उनके भविष्य के सफर के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं को ईमानदारी, समर्पण एवं पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन एवं सत्यनिष्ठा से करने का आह्वान किया।

 वडोदरा में आयोजित समारोह में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके  द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने उपस्थित सभी जनों को संबोधित किया। इस दौरान माननीय विधायक केयुरभाई नारायणदास रोकडिया  तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में वडोदरा मंडल के शाखा अधिकारी एवं रेलकर्मी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया गया है। अब तक बारह लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप सभी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय भी विकसित भारत के निर्माण में निरंतर योगदान दे रहा है तथा “हर घर जल” अभियान के अंतर्गत करोड़ों घरों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के जोनल हेड विनय कुमार राठी तथा डाक विभाग के उप अधीक्षक टी. एन. मलिक भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने भी युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये। रोजगार मेला भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से देशभर के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे है।

कार्यक्रम के अंत में वडोदरा मंडल के वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। 19वें रोजगार मेले में पश्चिम रेलवे के अंतर्गत वडोदरा मंडल के अलावा अहमदाबाद एवं राजकोट मंडल में भी नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार तथा इस महत्वपूर्ण आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

Tags: Vadodara