वडोदरा : दादर और नायगांव में मेजर ब्लॉक से पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनें प्रभावित
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और फुट ओवर ब्रिज कार्य के चलते 15 से 17 मई तक ट्रेनों के समय, मार्ग और संचालन में बदलाव
यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे द्वारा दादर स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कमीशनिंग तथा नायगांव स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इन कार्यों के चलते 15/16 मई 2026 और 16/17 मई 2026 की मध्यरात्रि में उपनगरीय खंड पर मेजर ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रभावित ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है। ट्रेन संख्या 19016 पोरबंदर–दादर सौराष्ट्र एक्सप्रेस, जो 15 मई 2026 को पोरबंदर से रवाना होगी, उसे बोरिवली स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 12927 दादर–एकता नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो 16 मई 2026 को रवाना होगी, बोरिवली स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। ट्रेन 17 मई 2026 को निर्धारित समयानुसार प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 19003 दादर–भुसावल खंडेश एक्सप्रेस, जो 17 मई 2026 को रवाना होगी, बोरिवली स्टेशन से संचालित की जाएगी।
ट्रेन संख्या 22946 ओखा–दादर सौराष्ट्र मेल, जो 16 मई 2026 को रवाना होगी, उसे ओखा स्टेशन से 2 घंटे 15 मिनट नियंत्रित किया जाएगा तथा बोरिवली स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। ट्रेन संख्या 09052 भुसावल–दादर स्पेशल, जो 16 मई 2026 को रवाना होगी, उसे भुसावल से 1 घंटे की देरी से चलाया जाएगा। जबकि ट्रेन संख्या 12928 एकता नगर–दादर एक्सप्रेस, जो 16 मई 2026 को रवाना होगी, उसे एकता नगर स्टेशन से 1 घंटा 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़–दादर एक्सप्रेस, जो 16 मई 2026 को रवाना होगी, उसे सूरत और विरार के बीच 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 22953 मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद गुजरात सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो 17 मई 2026 को रवाना होगी, उसे मुंबई सेंट्रल से 30 मिनट देरी से चलाया जाएगा।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और संचालन संबंधी जानकारी अवश्य जांच लें तथा उसी अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। यात्रियों को ट्रेनों के समय, ठहराव और संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
