सूरत : सूरत एयरपोर्ट पर CISF जवानों की ईमानदारी की मिसाल, महिला यात्री का लाखों रुपये और आभूषण से भरा बैग लौटाया

लावारिस बैग मिलने के बाद CISF ने त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित किया सामान, यात्री ने जताया आभार

सूरत : सूरत एयरपोर्ट पर CISF जवानों की ईमानदारी की मिसाल, महिला यात्री का लाखों रुपये और आभूषण से भरा बैग लौटाया

सूरत। सेन्ट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्युरीटी फोर्स (सीआईएसएफ) के जवानों ने सूरत एयरपोर्ट पर अपनी सतर्कता, ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का नकदी और आभूषण से भरा हैंडबैग सुरक्षित लौटाकर कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 की शाम करीब 7:20 बजे सूरत एयरपोर्ट के सिटी साइड पार्किंग क्षेत्र में एक हैंडबैग लावारिस हालत में मिला। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बैग को अपने कब्जे में लिया और उसकी जांच प्रक्रिया शुरू की।

जांच और सत्यापन के दौरान बैग की पहचान कविता अग्रवाल के रूप में हुई, जिन्होंने IndiGo की फ्लाइट 6E-6399 से कोलकाता से सूरत तक यात्रा की थी। महिला यात्री फ्लाइट में सीट नंबर 3C पर सफर कर रही थीं।

सत्यापन में पता चला कि बैग में लगभग 2.50 लाख रुपये नकद के साथ बहुमूल्य आभूषण भी रखे हुए थे। इसके बाद सीआईएसएफ टीम ने तत्काल संबंधित यात्री से संपर्क स्थापित किया और सभी आवश्यक पहचान एवं औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया।

अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला यात्री ने सीआईएसएफ जवानों की ईमानदारी, तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। यात्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से भी सीआईएसएफ टीम के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की।