सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स का ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ भव्य समापन के साथ संपन्न, निवेशकों को मिला भविष्य की अर्थव्यवस्था का विज़न

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी, विकास खेमानी, निर्मल जैन और हितेश दोशी समेत विशेषज्ञों ने निवेश, रोजगार और जिम्मेदार उद्योग पर दिए महत्वपूर्ण संदेश

सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स का ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ भव्य समापन के साथ संपन्न, निवेशकों को मिला भविष्य की अर्थव्यवस्था का विज़न

सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआईI) और जीतो सूरत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का रविवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ।

सरसाना स्थित इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस मेगा आयोजन में देश के प्रमुख निवेश विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं ने निवेशकों को भविष्य की आर्थिक संभावनाओं और जिम्मेदार निवेश को लेकर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर हर्ष संघवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि “वेल्थ क्रिएटर बनना स्वागत योग्य है, लेकिन उद्योगपतियों को अपनी मूल इंडस्ट्री और सामाजिक जिम्मेदारियों को नहीं भूलना चाहिए। रोजगार सृजन और कर्मचारियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने कहा कि केवल शेयर बाजार की स्क्रीन पर समय बिताने के बजाय उद्योगों के विस्तार और रोजगार निर्माण पर अधिक ध्यान देना चाहिए।

“जल्दी नहीं, ज्यादा पैसा बनाने पर करें फोकस” : विकास खेमानी

विकास खेमानी ने ‘बुल मार्केट से आगे वेल्थ क्रिएशन’ विषय पर निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आने वाले वर्षों में वैश्विक स्तर पर बड़ी छलांग लगाने की क्षमता रखती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में निफ्टी 1 लाख के स्तर तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि “इन्वेस्टर्स को जल्दी पैसा कमाने के बजाय ज्यादा और स्थायी संपत्ति निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। इक्विटी में कंपाउंडिंग की ताकत सबसे बड़ी होती है।” उन्होंने निवेशकों को टिप्स के बजाय समझदारी और दीर्घकालिक रणनीति के साथ निवेश करने की सलाह दी।

विकास खेमानी ने यह भी कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और आने वाले समय में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर देश की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख इंजन बनेगा। उन्होंने योग और मेडिटेशन को भी “हेल्थ इज वेल्थ” का आधार बताया।

विशेषज्ञों ने भारत की विकास यात्रा पर जताया भरोसा

कार्यक्रम में निर्मल जैन और हितेश दोशी ने भी निवेशकों को भविष्य की आर्थिक संभावनाओं, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और दीर्घकालिक निवेश रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने स्वागत भाषण में कहा कि चैंबर की यह पहली पहल होने के बावजूद ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ को उम्मीद से कहीं अधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सूरत को निवेश और वित्तीय जागरूकता के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस अवसर पर मिलन पारीख, अशोक जीरावाला, बिजल जरीवाला, रमेश वघासिया समेत बड़ी संख्या में उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान निवेशकों के लिए रैपिड फायर सेशन और इंटरएक्टिव चर्चाएं भी आयोजित की गईं। आयोजन को सफल बनाने में मेहता वेल्थ, जैनम, निवेश आई और यूनिसन सहित विभिन्न संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा।

Tags: Surat SGCCI