सूरत :‘गौ सम्मान अभियान’ को लेकर व्यापारियों की रणनीति बैठक, 7 मई की विशाल रैली की तैयारी तेज

मिलेनियम मार्केट से निकलेगी रैली, कलेक्टर को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन; 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य

सूरत :‘गौ सम्मान अभियान’ को लेकर व्यापारियों की रणनीति बैठक, 7 मई की विशाल रैली की तैयारी तेज

सूरत। शहर में प्रस्तावित ‘गौ सम्मान अभियान’ को सफल बनाने के लिए व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक मिलेनियम मार्केट स्थित फोस्टा बोर्ड रूम में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने 7 मई को होने वाली विशाल रैली और अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में तय किया गया कि 7 मई को सुबह 9 बजे शहर के विभिन्न क्षेत्रों—अमरोली, वराछा, कतारगांव, रिंग रोड, पर्वत पाटिया, ऊन, नंदेश्वर गौशाला, माधव गौशाला और सर्वधर्म संस्थाओं से जुड़े गौ-सेवक अलग-अलग समूहों में मिलेनियम मार्केट के सामने एकत्रित होंगे।

इसके बाद सुबह 9:30 बजे रैली वहां से रवाना होकर वनिता विश्राम पहुंचेगी, जहां भटार, वेसु, पांडेसरा, सिटीलाइट और अडाजन क्षेत्रों से आने वाले समूह भी शामिल होंगे।

इसके पश्चात हजारों की संख्या में एकजुट होकर सभी प्रतिभागी कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालेंगे और राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

बैठक में साध्वी कपिला दीदी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए उपस्थित सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इसके साथ ही ‘गौ सम्मान अभियान’ के तहत शहर में एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। आयोजकों ने सूरत से करीब पांच लाख हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य रखा है, जिससे गौ संरक्षण और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

बैठक में व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए रैली को सफल बनाने और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने 7 मई को होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प दोहराया।

Tags: Surat