सूरत : कॉर्पोरेटर बनने से पहले ही मैदान में उतरे BJP के विजयी उम्मीदवार

गजट नोटिफिकेशन से पहले ही अधिकारियों संग निरीक्षण, सोशल मीडिया एक्टिविटी और क्षेत्रीय बैठकों में बढ़ी हलचल

सूरत : कॉर्पोरेटर बनने से पहले ही मैदान में उतरे BJP के विजयी उम्मीदवार

सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विजयी उम्मीदवार आधिकारिक रूप से कॉर्पोरेटर बने बिना ही मैदान में सक्रिय हो गए हैं।

गजट नोटिफिकेशन जारी होने से पहले ही कई नवनिर्वाचित उम्मीदवार नगर निगम अधिकारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क, ड्रेनेज, पानी और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं।

शहर में यह चर्चा का विषय बन गया है कि कई विजयी उम्मीदवार अत्यधिक उत्साह में अधिकारियों को निर्देश देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल ये उम्मीदवार अपने चुनाव क्षेत्रों में जनसमस्याओं को लेकर सक्रियता दिखा रहे हैं और विभिन्न सामाजिक व सामुदायिक कार्यक्रमों में “कॉर्पोरेटर” के रूप में भाग ले रहे हैं।

सूरत नगर निगम चुनाव में BJP को रिकॉर्ड 115 सीटों पर जीत मिली है, जिनमें 73 उम्मीदवार पहली बार कॉर्पोरेटर बनने जा रहे हैं। हालांकि राज्य सरकार के शहरी विकास विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन इसके बावजूद कई विजयी उम्मीदवारों ने क्षेत्रीय गतिविधियां तेज कर दी हैं।

सूत्रों के अनुसार, कुछ नेता संभावित पदों और कमेटियों में जगह पाने की उम्मीद में लगातार फील्ड विजिट कर रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की जा रही हैं।

राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी स्टैंडिंग कमेटी और अन्य महत्वपूर्ण समितियों में स्थान पाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कई क्षेत्रों में एक-दो विजयी उम्मीदवार अधिकारियों की टीम के साथ दौरे पर नजर आए, जिससे पैनल के अन्य सदस्यों में भी असंतोष की चर्चा सामने आई है।

वहीं आम लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यही सक्रियता अगले पांच वर्षों तक भी बनी रहेगी या फिर यह केवल शुरुआती राजनीतिक उत्साह तक सीमित रहेगी।

फिलहाल, चुनाव परिणाम के बाद शुरू हुई यह दौड़-भाग सूरत की राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Tags: Surat