सूरत : कपड़ा व्यापारियों के लिए वीएनएसजीयू शुरू करेगा एक्सपोर्ट गाइडेंस कोर्स

फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने व्यापारियों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम बढ़ाने की अपील की

सूरत : कपड़ा व्यापारियों के लिए वीएनएसजीयू शुरू करेगा एक्सपोर्ट गाइडेंस कोर्स

सूरत। सूरत का कपड़ा उद्योग इन दिनों कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में व्यापार को नई दिशा देने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अवसर तलाशने के उद्देश्य से वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी (वीएनएसजीयू) ने व्यापारियों के लिए विशेष “एक्सपोर्ट गाइडेंस कोर्स” शुरू करने की घोषणा की है।

यह 80 घंटे का विशेष कोर्स सूरत के व्यापारियों और उद्यमियों को एक्सपोर्ट से जुड़ी संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कोर्स का पहला सेशन 18 मई से शुरू होगा।

 फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एन्ड टेक्सटाईल एसोसिएशन  (फोस्टा) के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने कहा कि सूरत के पास बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिज़ाइन, प्रतिस्पर्धी कीमत और बड़े स्तर पर सप्लाई करने की मजबूत क्षमता है। इसके बावजूद कई व्यापारी सही मार्गदर्शन और जानकारी के अभाव में एक्सपोर्ट बिजनेस शुरू करने से पीछे हट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाला समय एक्सपोर्ट आधारित व्यापार का है और यदि सूरत के व्यापारी सही दिशा और जानकारी के साथ आगे बढ़ते हैं, तो शहर का टेक्सटाइल उद्योग अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बना सकता है।

इस कोर्स के माध्यम से प्रतिभागियों को एक्सपोर्ट प्रक्रिया, सरकारी योजनाएं, डॉक्यूमेंटेशन, इंटरनेशनल मार्केट, पेमेंट सिक्योरिटी, सब्सिडी और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

कोर्स में व्यापारियों को वैश्विक बाजार में व्यापार बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि वे अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकें।

कैलाश हाकिम ने व्यापारियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि नाममात्र शुल्क में उपलब्ध यह कोर्स व्यापार के नए रास्ते खोल सकता है और देश के लिए विदेशी मुद्रा अर्जित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।