सूरत में आईपीएल 2026 का जबरदस्त क्रेज, फैन पार्क में मिलेगा स्टेडियम जैसा अनुभव

लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में लाइव मैच, म्यूजिक-फूड और एक्टिविटीज़ के साथ फैंस के लिए फ्री एंट्री

सूरत में आईपीएल 2026 का जबरदस्त क्रेज, फैन पार्क में मिलेगा स्टेडियम जैसा अनुभव

सूरत।इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)  2026 का रोमांच इस साल और भी बड़ा और जोश से भरपूर नजर आ रहा है। देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए आयोजित किए जा रहे फैन पार्क्स में सूरत भी खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

शहर के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में आईपीएल फैन पार्क का आयोजन किया गया है, जहां फैंस बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच का आनंद ले सकेंगे। स्टेडियम जैसा माहौल देने के लिए यहां हर मैच का लाइव प्रसारण किया जा रहा है, जिससे दर्शकों को असली स्टेडियम का अनुभव मिलेगा।

फैन पार्क में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस क्रिकेट उत्सव का हिस्सा बन सकें। यहां म्यूजिक, मर्चेंडाइज, फूड स्टॉल, ड्रिंक्स और कई रोमांचक गतिविधियां फैंस के उत्साह को दोगुना कर रही हैं।

सीटियों, नारों, फेस पेंटिंग और टीमों के समर्थन में जोश से भरे दर्शकों के बीच माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय नजर आ रहा है। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों के लिए खुलकर चीयर कर रहे हैं और अपने खास ‘फैन मोमेंट्स’ को भी जी रहे हैं।

देशभर के करीब 50 शहरों में आयोजित हो रहे इन फैन पार्क्स के जरिए आईपीएल  का क्रेज हर कोने तक पहुंच रहा है। इस सीजन में लाखों क्रिकेट प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह आयोजन अब तक के सबसे बड़े फैन एक्सपीरियंस में से एक बनता जा रहा है।

आयोजकों का कहना है कि हर साल आईपीएल का रोमांच बढ़ता जा रहा है और इस बार फैन पार्क के जरिए इसे और भी यादगार बनाने की कोशिश की गई है। सूरत के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह एक सुनहरा मौका है, जहां वे अपने शहर में ही लाइव मैच का मजा स्टेडियम जैसी ऊर्जा के साथ ले सकते हैं।