सूरत : धुले बिज़नेस फेडरेशन ने किया एसजीसीसीआई का दौरा, उद्योग और व्यापार मॉडल का किया अध्ययन

गुजरात-महाराष्ट्र के व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर जोर, टेक्सटाइल और डायमंड इंडस्ट्री से प्रभावित हुआ डेलीगेशन

सूरत : धुले बिज़नेस फेडरेशन ने किया एसजीसीसीआई का दौरा, उद्योग और व्यापार मॉडल का किया अध्ययन

सूरत। धुले बिज़नेस फेडरेशन के 45 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दो दिवसीय स्टडी और कोऑर्डिनेशन टूर के तहत सूरत का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के साथ व्यापार, उद्योग और आधुनिक बिज़नेस मॉडल को लेकर विस्तृत चर्चा की।

फेडरेशन के अध्यक्ष नितिन बंग और सचिव राजेश मिंडोलिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 9 मई को सूरत पहुंचा। दौरे का मुख्य उद्देश्य सदस्यों को आधुनिक उद्योग, टेक्नोलॉजी और व्यापारिक व्यवस्थाओं की जानकारी देना था।

इस अवसर पर चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि सूरत देश का एक गतिशील औद्योगिक केंद्र बन चुका है और ऐसे अध्ययन दौरे गुजरात तथा महाराष्ट्र के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि सूरत की आधुनिक टेक्सटाइल और डायमंड इंडस्ट्री का मैनेजमेंट मॉडल अन्य राज्यों के व्यापारियों के लिए प्रेरणादायक साबित हो सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने 9 और 10 मई को सरसाना में आयोजित वेल्थ एक्सपो 2026 का भी दौरा किया, जहां उन्हें आधुनिक निवेश, प्राइवेट इक्विटी फंडिंग और स्टार्टअप मॉडल की जानकारी दी गई। इसके अलावा, सदस्यों ने एसवीएनआईटी में तकनीकी शिक्षा और रिसर्च गतिविधियों का अध्ययन किया।

व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सूरत की प्रसिद्ध एसआरके डायमंड और सुचित्रा डाइंग मिल का दौरा कर आधुनिक उत्पादन प्रक्रिया और बिज़नेस मैनेजमेंट सिस्टम को करीब से देखा। प्रतिनिधिमंडल ने इन संस्थानों की कार्यप्रणाली की सराहना की।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात की। इस बैठक में धुले के औद्योगिक विकास, जल प्रबंधन और डैम परियोजनाओं पर चर्चा हुई।

दौरे के समापन पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे अध्ययन दौरे उद्योगपतियों और व्यापारियों को नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल गुजरात और महाराष्ट्र के बीच औद्योगिक सहयोग और व्यापारिक एकीकरण को और मजबूत करेगी।

Tags: Surat SGCCI