सूरत : उद्यमी सम्मेलन–2026 में गूंजा ‘उद्योग से राष्ट्र निर्माण’ का संदेश

लघु उद्योग भारती सूरत का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट उद्यमियों को किया गया सम्मानित

सूरत : उद्यमी सम्मेलन–2026 में गूंजा ‘उद्योग से राष्ट्र निर्माण’ का संदेश

सूरत में लघु उद्योग भारती (सूरत जिला) द्वारा आयोजित उद्यमी सम्मेलन–2026 का भव्य आयोजन श्री नरेंद्र पंचासरा भवन में उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगपतियों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाशचंद्र गुप्ता, सांवर प्रसाद बुधिया, दशरथ शेखावत, जॉइंट कमिश्नर उद्योग जे.बी. दवे तथा बलदेवभाई प्रजापत उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अखिल भारतीय संगठन महामंत्री प्रकाशचंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत कभी “सोने की चिड़िया” था, जहां लघु उद्योगों के माध्यम से हर हाथ को रोजगार मिलता था और देश विश्व को वस्त्र उपलब्ध कराता था। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती पिछले 33 वर्षों से एमएसएमई क्षेत्र की सशक्त आवाज बनकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।

उन्होंने आगामी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उद्यमियों से अधिक से अधिक रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। साथ ही “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना को भारतीय समाज की प्रेरणा बताते हुए उद्योगों में नैतिकता के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर ही भारत को पुनः विश्व गुरु बनाया जा सकता है। 

D03052026-06

प्रकाशचंद्र गुप्ता ने उद्यमियों को टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग से अपने उद्योगों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सेमीकंडक्टर और रक्षा उपकरण जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।

सूरत अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बताया कि संगठन कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे प्रवासी और जरूरतमंद लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सके। गुजरात अध्यक्ष ईश्वरभाई पटेल ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि वजूभाई वगासिया ने आगामी अक्टूबर में आयोजित होने वाले आईआरएफ कार्यक्रम की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वामपुम सिंटेक्स, गौरी पुत्र, देवश्री, ओल्ज़िन और युग फैशन सहित पांच उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “उत्कृष्ट उद्यमी” सम्मान से सम्मानित किया गया। संगठन विस्तार के तहत हंसराज जैन (मरुधर केसरी) को संभाग उपाध्यक्ष तथा राजेंद्र चौधरी और विजय मांगुकिया को संभाग मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, इकाई अध्यक्ष गणपत भाटी, श्याम तावनिया, हरीओम स्वामी सहित अशोक शाह, विजय चौमाल, बाबूभाई पालीवाल, गोपाल पारीक, दामोदर कड़ेल, शिवजी पारीक, साजन महर्षि, नंदकिशोर शर्मा, कामना खंडेलवाल और चंचल वाचानी की विशेष उपस्थिति रही।

मीडिया प्रभारी शीशपाल स्वामी और महेंद्र चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की, जबकि महामंत्री सतीश सवानी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र राजावत ने किया। अंत में सभी अतिथियों और उद्यमियों ने सामूहिक भोज में सहभागिता कर सम्मेलन को यादगार बना दिया।

Tags: Surat