सूरत : SBI बैंक में दिनदहाड़े 50 लाख की लूट, गनमैन की भूमिका संदिग्ध
छह हथियारबंद बदमाशों के शहर के आसपास छिपे होने का अनुमान
सूरत। शहर के वराछा इलाके में हनुमान रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा में सोमवार दोपहर फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात सामने आई। छह हथियारबंद बदमाशों ने महज 13 मिनट में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर करीब 50 लाख रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, लुटेरे पूरी योजना के साथ बैंक पहुंचे थे। दोपहर 1:13 बजे एक आरोपी करंट अकाउंट खुलवाने के बहाने बैंक में दाखिल हुआ और सर्विस मैनेजर से बातचीत करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद दोपहर 1:54 बजे पांच अन्य साथी पिस्तौल के साथ बैंक में घुस आए और वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने सबसे पहले बैंक स्टाफ और मौजूद 5 से 7 ग्राहकों को बंधक बना लिया। सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर उसे चुप रहने की धमकी दी गई। एक ग्राहक द्वारा विरोध करने पर उसके सिर पर पिस्तौल तान दी गई। इसके बाद सर्विस मैनेजर और कैशियर को धमकाकर लॉकर खुलवाया गया, जहां से करीब 12 लाख रुपये नकद लूट लिए गए।
इसी दौरान CMS कैश वैन के कर्मचारी लगभग 40 लाख रुपये लेकर बैंक पहुंचे। लुटेरों ने उन्हें भी घेर लिया और 40 लाख में से 38 लाख रुपये लूट लिए, जबकि 2 लाख रुपये कैशियर के पास ही रह गए। इस घटना में CMS कैशियर के साथ आए गनमैन की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है, जिसने लुटेरों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।
वारदात के बाद आरोपी तीन अलग-अलग स्पोर्ट्स बाइकों (पल्सर, अपाचे और स्प्लेंडर) पर सवार होकर फरार हो गए। बाइकों पर लगी नंबर प्लेट जामनगर, अहमदाबाद और वलसाड की बताई जा रही है, जिन्हें पुलिस नकली मान रही है।
लुटेरों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन छीनकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। ये मोबाइल श्यामधाम, सरथाना और खट्टर इलाके से बरामद हुए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि आरोपी हाईवे के रास्ते भागे।
पुलिस ने लुटेरों की भाषा और हुलिये के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उनके पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार क्षेत्र से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही बैंक से मिले फिंगरप्रिंट को ई-गुजकॉप सहित अन्य सॉफ्टवेयर में जांचा जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और आशंका है कि आरोपी वेलंजा व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे हो सकते हैं।
