राजकोट के बेडला गांव में सनसनीखेज वारदात, शराब के विवाद में दोस्त की हत्या

आरोपी ने पत्नी की मदद से शव को बोरे में भरकर श्मशान में दफनाया, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

राजकोट के बेडला गांव में सनसनीखेज वारदात, शराब के विवाद में दोस्त की हत्या

राजकोट के पास स्थित बेडला गांव में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी और बाद में पत्नी की मदद से शव को श्मशान में दफना दिया। मामले का खुलासा गांव वालों की सूचना के बाद हुआ, जिसके आधार पर एयरपोर्ट पुलिस ने आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पुलिस की टीम बीती रात पेट्रोलिंग पर थी, तभी ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति की हत्या कर उसका शव गांव के श्मशान में दफना दिया गया है। सूचना मिलते ही पीआई के.पी. तरेटिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और एफएसएल अधिकारियों को भी तत्काल बुलाया गया।

श्मशान में हाल ही में मिट्टी खोदी जाने के निशान मिलने पर खुदाई कराई गई, जिसमें अमरेली जिले के ढसा तालुका के देरडी गांव निवासी 25 वर्षीय संजय हकाभाई वाघेला का शव बरामद हुआ। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकोट सिविल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक संजय पिछले साढ़े छह वर्षों से बेडला गांव निवासी 30 वर्षीय जगदीश कालूभाई कबीरा के साथ रह रहा था। दोनों मवेशी चराने और ढोल बजाने का काम करते थे। पुलिस पूछताछ में जगदीश ने हत्या की बात कबूल कर ली।

प्राथमिक जांच के मुताबिक, 6 मई को शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर जगदीश ने संजय पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी हिना की मदद से शव को बोरे में बांधा और बाइक पर रखकर श्मशान घाट पहुंचा, जहां दोनों ने शव को दफना दिया। पुलिस ने आरोपी जगदीश और उसकी पत्नी हिना को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags: Rajkot