सूरत :‘वेल्थ एक्सपो 2026’ के दूसरे दिन निवेशकों में दिखा उत्साह, विशेषज्ञों ने बताए वेल्थ क्रिएशन के स्मार्ट फॉर्मूले
आईपीओ, एसआईपी और आरएसआई आधारित निवेश रणनीतियों पर हुई चर्चा, एनर्जी, डिफेंस और फार्मा सेक्टर पर जताया भरोसा
सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) और जीतो सूरत द्वारा आयोजित ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ के दूसरे दिन भी निवेशकों और उद्योग जगत में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सरसाना स्थित एग्जीबिशन परिसर में आयोजित इस आयोजन में देश के जाने-माने शेयर बाजार विशेषज्ञों ने निवेशकों को स्टॉक मार्केट में निवेश और संपत्ति निर्माण के व्यावहारिक तरीके समझाए।
“मिडकैप 100 में एसआईपी लंबी अवधि में फायदेमंद” : संदीप जैन
संदीप जैन ने निवेश योग्य स्टॉक्स की पहचान के लिए ‘360-डिग्री अप्रोच’ पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 से 15 वर्षों में मिडकैप 100 इंडेक्स ने निवेशकों की पूंजी को लगभग सात गुना तक बढ़ाया है, इसलिए इसमें जोखिम और रिटर्न का संतुलन बेहतर माना जाता है।
उन्होंने निवेशकों को नियमित एसआईपी करने की सलाह देते हुए कहा कि आईपीओ में अलॉटमेंट के अवसर बढ़ाने के लिए युवा दंपत्तियों को अपने नवजात बच्चों के नाम से भी डीमैट अकाउंट खोलने पर विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने एचयूएफ अकाउंट, ओएफएस और बायबैक जैसे विकल्पों को भी निवेशकों के लिए फायदेमंद बताया।
“सिर्फ 10 मिनट के एनालिसिस से बन सकती है अतिरिक्त आय” : विशाल मलकान
विशाल मलकान ने टेक्निकल एनालिसिस और आरएसआई इंडिकेटर के जरिए निवेश की रणनीति समझाई। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जानकारी की भरमार है, लेकिन निवेशकों को सही संकेत पहचानने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “मैं एमबीए हूं, लेकिन बैलेंस शीट नहीं देखता। आरएसआई ट्रेडिंग और निवेश के लिए बेहद प्रभावी टूल है।” उनके अनुसार आरएसआई 60 से ऊपर होने पर तेजी और 40 से नीचे होने पर कमजोरी का संकेत मिलता है।
विशाल मलकान ने कहा कि निवेशकों को लगातार स्क्रीन के सामने बैठने की जरूरत नहीं है। यदि सही तरीके से सेक्टर और स्टॉक चुने जाएं तो प्रतिदिन केवल 10 मिनट के विश्लेषण से भी समानांतर आय बनाई जा सकती है। उन्होंने वर्ष 2026 में एनर्जी, मेटल, डिफेंस और फार्मा सेक्टर को मजबूत प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्योगपति, वित्तीय सलाहकार और युवा निवेशक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पर्सनल फाइनेंस, लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट और वेल्थ क्रिएशन पर इंटरएक्टिव सेशन भी आयोजित किए गए। मेहता वेल्थ, जैनम और निवेश आई सहित विभिन्न संस्थाओं ने कार्यक्रम में सहयोग दिया।
