सूरत : मई-2026 को “सोलर मंथ” के रूप में मनाएगा डीजीवीसीएल, ‘पीएम सूर्य घर’ योजना को मिलेगा बढ़ावा
रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन, उपभोक्ता आवेदन और वेंडर रजिस्ट्रेशन पर रहेगा विशेष फोकस
सूरत। दक्षिण गुजरात वीज (बिजली) कंपनी लिमिटेड (डीजीवीसीएल) द्वारा मई-2026 को “सोलर मंथ” के रूप में मनाया जाएगा। यह अभियान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर: फ्री बिजली योजना” के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़ना है।
भारत सरकार ने 13 फरवरी 2024 को “पीएम सूर्य घर: फ्री बिजली योजना” शुरू की थी। इस योजना के तहत देशभर में एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग ₹75,021 करोड़ की लागत वाली इस योजना में तीन किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन पर प्रति उपभोक्ता ₹78,000 तक की केंद्रीय वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती मांग और सौर ऊर्जा की अधिक उपलब्धता को देखते हुए मई-2026 को विशेष अभियान माह घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाना है।
अभियान के दौरान चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें “पीएम सूर्य घर” राष्ट्रीय पोर्टल पर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करना, रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया तेज करना, लंबित निरीक्षणों का शीघ्र निपटारा तथा अधिक संख्या में वेंडरों का पंजीकरण शामिल है।
घरेलू उपभोक्ताओं, रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशनों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं, रजिस्टर्ड वेंडर्स द्वारा इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा मई-2026 के प्रदर्शन के आधार पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित भी किया जाएगा। इनमें सबसे अधिक आवेदन, सबसे अधिक इंस्टॉलेशन, सबसे अधिक निरीक्षण और सबसे अधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन करने वाले राज्यों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
दक्षिण गुजरात वीज (बिजली) कंपनी लिमिटेड ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए उपभोक्ता डीजीवीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट
पर विजिट कर सकते हैं या कस्टमर केयर नंबर 19123 पर संपर्क कर सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, इस योजना से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और साथ ही गुजरात को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल होने में भी मदद मिलेगी।
