सूरत-मुंबई कपड़ा व्यापार को मजबूत बनाने की दिशा में पहल, फोस्टा में हुई अहम बैठक
भुगतान सुरक्षा, GST सुधार और राष्ट्रीय नेटवर्क बनाने पर सहमति
सूरत। शहर के कपड़ा व्यापार को नई दिशा देने के उद्देश्य से मंगलवार, 5 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे फोस्टा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मुंबई से मार्केट सिल्क मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने व्यापारिक विकास को लेकर फोस्टा प्रतिनिधियों के साथ शुभेच्छा मुलाकात की।
बैठक में फोस्टा महामंत्री दिनेश कटारिया के साथ मुंबई एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हर्षदभाई शाह, सचिव आश्विन मलकन और कमिटी सदस्य अतुष मेहता उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सूरत और मुंबई के बीच कपड़ा व्यापार में समन्वय बढ़ाना और व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए साझा रणनीति तैयार करना रहा।
चर्चा के दौरान वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों, व्यापारियों के भुगतान की सुरक्षा और विभिन्न सरकारी विभागों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जीएसटी से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बैठक में ₹2499 से अधिक कीमत के गारमेंट पर लागू 18 प्रतिशत जीएसटी की सीमा को बढ़ाकर ₹7500 करने का प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी। इस संबंध में सरकार के समक्ष आवश्यक प्रस्तुतिकरण करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा, मुंबई सहित अन्य शहरों के कपड़ा संगठनों के साथ मिलकर एक संयुक्त नेटवर्क या ग्रुप बनाने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य धोखाधड़ी करने वाले तत्वों पर नियंत्रण रखना और व्यापारियों के भुगतान की सुरक्षा को मजबूत बनाना है।
फोस्टा द्वारा इससे पहले अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता के विभिन्न कपड़ा संगठनों के साथ भी संवाद स्थापित किया जा चुका है। संगठन देशभर के व्यापारिक समूहों के साथ तालमेल बढ़ाकर कपड़ा उद्योग के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
