राजकोट के आजी डैम में दर्दनाक हादसा: पिता-पुत्र समेत 4 लोग डूबे
तीन शव बरामद, एक की तलाश जारी; मंदिर दर्शन के बाद हुआ हादसा
राजकोट में आजी डैम पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें पिता-पुत्र सहित चार लोग डूब गए। इस घटना में तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिक्शा चालक भरत जादव अपने दो बेटों और साली के बेटे के साथ आजी डैम स्थित मोगल माताजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद किसी कारणवश समूह में से एक व्यक्ति डैम के पानी में गिरकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन लोग भी पानी में उतर गए, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों ही गहरे पानी में समा गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। अब तक भरत जादव, धवल जादव और ध्रुव मकवाना के शव बरामद किए जा चुके हैं। एक अन्य व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग राजकोट के घांचीवाड़ इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
