वडोदरा मंडल में कार्यरत पॉइंट्स मैन विक्रम  महाप्रबंधक द्वारा संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

वैगन से धुंआ देख ट्रेन मैनेजर को सूचित कर टाली गंभीर दुर्घटना

वडोदरा मंडल में कार्यरत पॉइंट्स मैन विक्रम  महाप्रबंधक द्वारा संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

रेलवे के संचालन में संरक्षा सर्वोपरि होती है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कर्मचारी की सजगता एवं सतर्कता अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने वडोदरा मंडल के रेल कर्मचारी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। ये पुरस्कार फरवरी 2026  के दौरान ड्यूटी पर रहते हुए सतर्कता दिखाने और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदान किए गया ।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना  द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारी विक्रम बी पटेलिया–  पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के खरसालिया में पॉइंट्समैन, के पद पर कार्यरत हैं । दिनांक 11.02.2026  को खरसालिया यार्ड में एक गुड्स ट्रेन वैगनों के साथ खरसालिया स्टेशन से गुजर रही थी। “ऑल राइट” सिग्नल का आदान-प्रदान करते समय ऑफ-साइड पॉइंट्समैन विक्रम बी पटेलिया ने एक वैगन से घना धुँआ निकलते हुए देखा। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत ट्रेन मेनेजर को लाल हैंड सिग्नल प्रदर्शित किया। ट्रेन मेनेजर ने वीएचएफ के माध्यम से लोको पायलट को सूचित किया तथा गार्ड ने इमरजेंसी वाल्व के माध्यम से क्रर्मिक रूप से ब्रेक पाइप प्रेशर को कम करना प्रारंभ किया। 

ट्रेन को स्टार्टर सिग्नल पार करने के पश्चात सुरक्षित रूप से रोका गया। निरीक्षण के दौरान ट्रेन मैनेजर एवं सहायक लोको पायलट ने पाया कि 14 वें वैगन का ब्रेक पिस्टन एप्लाइड पोजीशन में था तथा ब्रेक ब्लॉक अत्यधिक जाम थे। चूँकि वैगन में POL (Petroleum Oil Lubricants) लदा हुआ था, अतः यह स्थिति अत्यंत गंभीर सुरक्षा जोखिम उत्पन्न कर सकती थी। ट्रेन मैनेजर, सहायक लोको पायलट एवं स्टेशन स्टाफ द्वारा तत्परता से ब्रेक को मैन्युअली रिलीज किया गया। इसके उपरांत संबंधित वैगन पर ब्रेक के अनुप्रयोग एवं रिलीज की पुनः जाँच की गई, जो सामान्य पाई गई।

उनकी सतर्कता, सजगता एवं त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई तथा रोलिंग स्टॉक, कर्मचारियों, यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। यह घटना रेलवे कार्य के प्रति उनकी निष्ठा, सतर्कता एवं कर्तव्य परायणता को दर्शाती है।

Tags: Vadodara