वडोदरा : रेल सुरक्षा बल द्वारा रेलवे भूमि से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई एवं चोरी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई
गिरफ्तार 9 आरोपियों में से 2 को वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि 7 आरोपियों को माननीय रेलवे न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा किया गया
रेल सुरक्षा बल की अंकलेश्वर टीम द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए रेलवे भूमि पर लगे पेड़ों की अवैध कटाई एवं चोरी में संलिप्त 09 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 18.04.2026 को वडोदरा मंडल के कोसाड और गोठनगाँव रेलवे स्टेशनों के मध्य रेलवे भूमि से पेड़ों को काटकर चोरी करने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्पश्चात रेल सुरक्षा बल,अंकलेश्वर की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की गई, जिसमें 09 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों के कब्जे से रेलवे के बबूल के पेड़ों की लकड़ी बरामद की गई, जिसका कुल वजन 21,985 किलोग्राम तथा अनुमानित मूल्य रु.1,31,910/- है। इसके अतिरिक्त चोरी में प्रयुक्त 02 ट्रक, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन तथा 02 कुल्हाड़ियाँ भी जब्त की गईं। इस संबंध में अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के अंतर्गत दिनांक 19.04.2026 को मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच रेल सुरक्षा बल द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार 09 आरोपियों में से 02 को वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि शेष 07 आरोपियों को माननीय रेलवे न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा किया गया है। वडोदरा मंडल के रेल सुरक्षा बल द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा हेतु इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
