वडोदरा : पश्चिम रेलवे वडोदरा मंडल मनाएगा “विश्व धरोहर दिवस”, रेलवे हेरिटेज म्यूजियम में निःशुल्क प्रवेश

13 से 18 अप्रैल तक प्रतापनगर स्थित संग्रहालय, हेरिटेज पार्क और रोलिंग स्टॉक पार्क आमजन के लिए खुले रहेंगे

वडोदरा : पश्चिम रेलवे वडोदरा मंडल मनाएगा “विश्व धरोहर दिवस”, रेलवे हेरिटेज म्यूजियम में निःशुल्क प्रवेश

“विश्व धरोहर दिवस” के अवसर पर पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने आम नागरिकों के लिए विशेष पहल की घोषणा की है। मंडल द्वारा प्रतापनगर स्थित रेलवे हेरिटेज म्यूजियम, रोलिंग स्टॉक पार्क एवं हेरिटेज पार्क को 13 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक निःशुल्क खोलने का निर्णय लिया गया है।

पश्चिम रेलवे, वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में यह परिसर प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भारतीय रेलवे की समृद्ध और गौरवशाली विरासत से अवगत कराना है।

वडोदरा मंडल के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार ने बताया कि प्रतापनगर स्थित रेलवे हेरिटेज संग्रहालय भारतीय रेल की नैरोगेज विरासत को संरक्षित किए हुए है। यहां प्रदर्शित वस्तुएं ऐतिहासिक महत्व रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को रेलवे के विकास और तकनीकी प्रगति की जानकारी देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि हेरिटेज पार्क, संग्रहालय और रोलिंग स्टॉक पार्क के माध्यम से इस बहुमूल्य धरोहर को संरक्षित और प्रदर्शित किया गया है, जिससे आगंतुक रेलवे के इतिहास को करीब से समझ सकते हैं। पश्चिम रेलवे, वडोदरा मंडल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने परिवार व मित्रों के साथ इस ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण कर भारतीय रेल की विरासत से जुड़ें।

Tags: Vadodara