वडोदरा : 100 वर्ष पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त रेलकर्मी उमेदभाई पटेल का वडोदरा मंडल द्वारा गरिमामय सम्मान
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पटेल के स्वस्थ, सक्रिय एवं सम्मानपूर्ण जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रतापनगर में एक भावपूर्ण एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारी उमेदभाई बेचरभाई पटेल के शतायु जीवन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उमेदभाई बेचरभाई पटेल वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक कार्यालय, वडोदरा में अकाउंट असिस्टेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने सेवाकाल में उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ रेलवे सेवा को समर्पित किया। उनके जीवन के 100 वर्ष पूर्ण होना न केवल उनके परिवार बल्कि रेलवे परिवार के लिए भी गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, वडोदरा राजू भडके ने श्री पटेल को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। समारोह के दौरान वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक आर्य किर्णेन्दु ने भी श्री पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
अपने संबोधन में श्री पटेल ने रेलवे सेवा के दौरान के अनेक प्रेरणादायक अनुभव एवं संस्मरण साझा किए। उन्होंने अपने कार्यकाल की स्मृतियों को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बाँटते हुए अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह का वातावरण अत्यंत आत्मीय एवं प्रेरणादायी रहा। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पटेल के स्वस्थ, सक्रिय एवं सम्मानपूर्ण जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वडोदरा नीरज धमीजा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविनाश कुमार सहित लेखा विभाग, वडोदरा के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
