वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल एक्सेस बोर्ड एवं बैटरी ऑपरेटेड कार्ट सेवा का सांसद डॉ. हेमांग जोशी द्वारा उद्घाटन
दिव्यांग जनों के लिए प्रोजेक्ट "सारथी" इलेक्ट्रिक कार्ट सेवा देश में इस तरह की पहली सेवा है, जो आज वडोदरा स्टेशन पर शुरु की गई
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को और अधिक आधुनिक, सुगम एवं समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल एक्सेस बोर्ड तथा बैटरी ऑपरेटेड कार्ट सेवा का उद्घाटन आज सांसद डॉ. हेमांग जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने इस अवसर पर बताया कि यात्रियों के लिए आज वडोदरा स्टेशन पर दो नई महत्वपूर्ण सुविधाओं का उद्घाटन किया गया है। डिजिटल एक्सेस बोर्ड अपने आप में सेल्फ एक्सपल्मेट्री है, जहां यात्रियों को स्टेशन की एंट्री पर ही स्टेशन की हर सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी। दिव्यांग जनों के लिए प्रोजेक्ट "सारथी" इलेक्ट्रिक कार्ट सेवा देश में इस तरह की पहली सेवा है, जो आज वडोदरा स्टेशन पर शुरु की गई है। यात्रियों के लिए सुविधा वाली इन दोनों पहलों के लिए उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके और उनकी टीम को धन्यवाद दिया। सांसद ने इस अवसर पर लाइसेंस सहायकों से भी मुलाकात की और उन्हें बताया कि उनके हितों की रक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने उन्हें हरसंभव मदद और सुविधा प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आधुनिक स्टेशन सेवाओं की दिशा में वडोदरा मंडल की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बहुत ही सुगम तरीके से यह पता लगेगा कि रेल सुरक्षा बल कहां है, टिकट विंडो कहां है और लिफ्ट कहां है, इत्यादि। इलेक्ट्रिक कार्ट एक महत्वपूर्ण फैसिलिटी है, अपने छोटे साइज़ के कारण यह कार्ट लिफ्ट में भी जा सकती है और ट्रेन तक सीनियर सिटिजनऔर दिव्यांगजन यात्रियों को उनकी ट्रेन तक छोड़ने में मददगार होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड सुविधा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत स्थापित की गई है तथा इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को अधिक सरल, सुविधाजनक एवं तनावमुक्त बनाना है। वडोदरा स्टेशन पर स्थापित डिजिटल एक्सेस बोर्ड यात्रियों के लिए एक स्मार्ट सूचना केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिसमें स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाओं, पार्किंग, फूड स्टॉल, सुरक्षा सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की स्पष्ट एवं आसान जानकारी उपलब्ध कराई गई है। यह बोर्ड विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
श्री कुमार ने बताया कि इसके अतिरिक्त आधुनिक बैटरी चालित कार्ट की विशेषता यह है कि यह केवल प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक सीमित न रहकर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा एवं सहज आवागमन सुनिश्चित होगा। यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी तथा यात्रियों के आरामदायक सफर में सहायक बनेगी।
वडोदरा मंडल द्वारा अपनाई जा रही ये आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित पहलें न केवल स्टेशन पर यात्री अनुभव को बेहतर बनाएंगी, बल्कि रेलवे की डिजिटल परिवर्तन एवं स्मार्ट स्टेशन विकास की दिशा में प्रतिबद्धता को भी दर्शाती हैं। साथ ही, ऐसी पहलों से रेलवे को गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में भी वृद्धि होने की संभावना है। पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक, सुलभ एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।
